लखीमपुर हिंसाः संसद में विपक्षी सांसदों का हंगामा! राहुल गांधी ने दिया स्थगन नोटिस, मंत्री इस्तीफा दो के नारे लगे
नई दिल्ली। लखीमपुर खीरी हिंसा मामले में आज कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने संसद में स्थगन नोटिस दिया। इस दौरान लखीमपुर मामले को लेकर विपक्ष ने संसद में हंगामा किया और कैबिनेट मंत्री अजय मिश्रा के इस्तीफे की मांग की। स्थगन नोटिस में राहुल गांधी ने कहा कि लखीमपुर हिंसा को यूपी पुलिस की एसआईटी ने सोची समझी साजिश बताया है। सरकार को तत्काल अजय मिश्रा को बर्खास्त करना चाहिए। हम सरकार से पीड़ितों को न्याय दिलाने की मांग करते है। लोकसभा मे ‘मंत्री इस्तीफा दो’ के नारे भी लगे। इसके बाद लोकसभा की कार्यवाही 2 बजे तक स्थगित कर दी गई। वहीं, 12 सांसदों का निलंबन रद्द करने की मांग को लेकर विपक्ष ने राज्यसभा में हंगामा किया, लिहाजा राज्यसभा को दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। दरअसल, विगत 3 अक्टूबर को लखीमपुर खीरी के तिकुनिया में उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य दौरे का किसानों का एक गुट विरोध कर रहा था। वहीं कुछ वाहनों ने विरोध कर रहे किसानों को कुचल दिया। जिसमें चार किसानों की मौके पर मौत हो गई। जबकि इसके बाद किसानों ने चार अन्य लोगों को पीट पीट कर मार डाला था। इसमें दो बीजेपी कार्यकर्ता, एक ड्राइवर और एक पत्रकार की मौत हो गई थी।