• Home
  • News
  • Leopards wreak havoc in Uttarakhand! A leopard attacks a woman while she is hiking in the forest in Talli Dini village, Nainital, and drags her into the forest.

उत्तराखण्ड में गुलदार का खूनी आतंक! नैनीताल के तल्ली दिनी गांव में जंगल जाते समय महिला पर तेंदुए का हमला, घसीटकर ले गया जंगल

editor
  • Awaaz Desk
  • December 26, 2025 09:12 AM
Leopards wreak havoc in Uttarakhand! A leopard attacks a woman while she is hiking in the forest in Talli Dini village, Nainital, and drags her into the forest.

नैनीताल। उत्तराखण्ड में जंगली जानवरों का आतंक लगातार जारी है। पिछले दिनों गढवाल में जहां भालुओं का दहशत देखने को मिली, वहीं कुमाऊं में एक बार तेंदुए का आतंक सामने आया है। मामला नैनीताल जिले के धारी तहसील क्षेत्र का है। यहां तल्ली दिनी गांव में तेंदुए ने आज शुक्रवार को एक महिला को अपना शिकार बना दिया। घटना के बाद ग्रामीण दहशत में हैं और वन विभाग से गुलदार को पकड़ने की गुहार लगा रहे हैं। जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत दीनी तल्ली तोक धुरा निवासी हेमा देवी पत्नी गोपाल सिंह शुक्रवार को मवेशियों के लिए चारा लेने जंगल की ओर जा रही थीं। तभी घर के नजदीक घात लगाए तेंदुए ने अचानक से हेमा देवी पर हमला कर दिया। तेंदुए का हमला इतना घातक था कि हेमा देवी को बचने का मौका तक नहीं मिला और तेंदुआ हेमा देवी को घसीटते हुए जंगल की ओर ले गया। बताया जा रहा है कि हेमा देवी की नजर तेंदुए पर पड़ गई थी। उसने ही सबसे पहले शोर मचाया और तेंदुए पर पत्थर बरसाने शुरू किए। फिर भी तेंदुए ने महिला को नहीं छोड़ा और हेमा देवी को लेकर जंगल की ओर चला गया। सूचना पर परिजन और ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने जंगल में जाकर हेमा देवी की तलाश शुरू की। बताया जा रहा है कि काफी खोजबीन के बाद ग्रामीणों को जंगल में हेमा देवी का शव मिला। इस घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल है और ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने की मांग की है। इधर सूचना पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू की। स्थानीय लोगों ने अब पीड़ित परिवार को वन विभाग से उचित मुआवजा देने की मांग की है।


संबंधित आलेख: