• Home
  • News
  • Los preparativos para el Kumbh Mela están en pleno apogeo: se aprobaron 50,27 millones de rupias para el Centro de Comando y Control-2 en Haridwar.

कुंभ की तैयारियां तेज: हरिद्वार में कमांड एंड कंट्रोल सेंटर-2 के लिए 50.27 करोड़ मंजूर

  • Tapas Vishwas
  • March 22, 2026 08:03 AM
Los preparativos para el Kumbh Mela están en pleno apogeo: se aprobaron 50,27 millones de rupias para el Centro de Comando y Control-2 en Haridwar.

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को नई गति प्रदान करते हुए हरिद्वार में प्रस्तावित कमांड एंड कंट्रोल सेंटर-2 (CCR-2) भवन के निर्माण के लिए 50.27 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी है। वित्तीय वर्ष 2025-26 की पहली किस्त के रूप में 20.11 करोड़ रुपये जारी करने को भी मंजूरी प्रदान की गई है। यह सेंटर कुंभ मेला के दौरान भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा निगरानी, आपातकालीन सेवाओं और ट्रैफिक कंट्रोल के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। भवन की छत पर हेलीपैड भी बनाया जाएगा, जिससे आपात स्थिति में हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू और निकासी संभव हो सकेगी। सीएम धामी ने निर्देश दिए हैं कि सभी स्थायी निर्माण कार्य अक्टूबर 2026 तक पूरे कर लिए जाएं, ताकि कुंभ से पहले पूरी तरह कार्यात्मक हो जाए। यह सेंटर मौजूदा कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के निकट बनेगा और 2004 में निर्मित पुराने सेंटर की जगह लेगा। इसमें सीसीटीवी, ड्रोन मॉनिटरिंग, एकीकृत कमांड सिस्टम और रीयल-टाइम डेटा एनालिसिस जैसी सुविधाएं होंगी।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास और आपदा प्रबंधन परियोजनाओं को मंजूरी प्रदान की है। ऊधम सिंह नगर के किच्छा विधानसभा क्षेत्र में कम्युनिटी हॉल निर्माण के लिए 5 करोड़ (पहली किस्त 50 लाख), पिथौरागढ़ में ग्राम चुल्कोट हरदौल मंदिर, महाकाली मंदिर माणीटुंडी, देवी मंदिर मदकोट और रामलीला मंच मवानी के सौंदर्यीकरण व मेला स्थल विकास के लिए 98.64 लाख (पहली किस्त 59 लाख) स्वीकृत किए गए हैं। ग्राम पंचायत दाखिम, क्वीटी, समकोट में आंतरिक सीसी मार्ग निर्माण के लिए 1 करोड़ (पहली किस्त 59 लाख) और क्वीरिजिमिया से साईपोला, बुई पातों में सीसी मार्ग के लिए 79.64 लाख (पहली किस्त 47.86 लाख) की मंजूरी दी गई है। आपदा न्यूनीकरण मद में चंपावत के बूम से टनकपुर तक शारदा नदी के दाहिने तट पर बाढ़ सुरक्षा कार्य (28 हेक्टेयर) और चिलियाघोल बाढ़ सुरक्षा के लिए कुल 11.59 करोड़ की योजना के सापेक्ष 4.64 करोड़ की पहली किस्त स्वीकृत की गई है। रुद्रपुर नगर निगम के मुख्य कार्यालय भवन पुनर्निर्माण के लिए 15.74 करोड़ की मंजूरी मिली है। देहरादून के डांडा लखौंड सहस्त्रधारा रोड पर शहरी विकास निदेशालय कार्यालय भवन निर्माण के लिए 62.64 करोड़ की योजना स्वीकृत कर पहली किस्त में 5 करोड़ जारी किए जाएंगे। विभिन्न नगर निकायों में पार्क निर्माण, सौंदर्यीकरण और ओपन जिम स्थापना के लिए 2.03 करोड़ तथा 13 अन्य विकास कार्यों के लिए 53.12 करोड़ की स्वीकृति दी गई है। बौद्ध विकास योजना के तहत तीन परियोजनाओं के लिए 16.04 करोड़ की योजना के सापेक्ष 11.11 करोड़ की दूसरी किस्त भी मंजूर की गई है। ये स्वीकृतियां कुंभ 2027 को दिव्य-भव्य बनाने के साथ-साथ राज्य के अन्य क्षेत्रों में विकास और आपदा सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। कुंभ मेलाधिकारी ने सभी एजेंसियों को समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता वाले कार्य पूरे करने के निर्देश दिए हैं।


संबंधित आलेख: