• Home
  • News
  • Major accident at the Almora Nanda Devi Fair: A young man and a woman fell after a ride broke down. The young man suffered fractures in both legs, and chaos ensued at the Adams Inter College grounds.

अल्मोड़ा नंदा देवी मेले में बड़ा हादसाः झूला टूटने से युवक और महिला नीचे गिरे! युवक के दोनों पैरों में फ्रैक्चर, एडम्स इंटर कॉलेज मैदान में मची अफरा-तफरी

editor
  • Awaaz Desk
  • September 24, 2026 08:09 AM
Major accident at the Almora Nanda Devi Fair: A young man and a woman fell after a ride broke down. The young man suffered fractures in both legs, and chaos ensued at the Adams Inter College grounds.

अल्मोड़ा। अल्मोड़ा के ऐतिहासिक नंदा देवी मेले में बुधवार देर शाम झूला टूटने से बड़ा हादसा हो गया। मेले के अंतिम दिन मां नंदा-सुनंदा की शोभायात्रा निकलने के बाद भी एडम्स इंटर कॉलेज के मैदान में मेला और मनोरंजन के लिए लगाए गए झूले संचालित हो रहे थे। इसी दौरान झूले का एक हिस्सा अचानक टूट गया। झूले में सवार एक युवक और महिला नीचे गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद मेला परिसर में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा रात करीब 8:30 बजे हुआ। युवक और महिला झूले में सवार थे। इसी दौरान झूले में तकनीकी खराबी आई और उसका एक हिस्सा अचानक टूट गया। युवक नीचे गिर गया, जबकि महिला को भी चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। युवक के दोनों पैरों में फ्रैक्चर होने की जानकारी सामने आई है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा के मद्देनजर झूले को सील कर दिया गया। पुलिस ने झूला संचालक से संचालन संबंधी लाइसेंस और फिटनेस प्रमाणपत्र समेत आवश्यक दस्तावेज मांगे हैं। झूले की तकनीकी स्थिति और सुरक्षा इंतजामों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक स्तर पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी की आशंका जताई गई है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी। एडम्स इंटर कॉलेज के मैदान में नंदा देवी मेले के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य गतिविधियों के साथ मनोरंजन के लिए झूले भी लगाए गए थे। बुधवार को मां नंदा-सुनंदा की शोभायात्रा और विसर्जन के साथ मेले का समापन हुआ, लेकिन देर शाम तक मैदान में मेला गतिविधियां चल रही थीं।


संबंधित आलेख: