लालकुआं में बड़ा हादसाः बच्चों से खचाखच भरी थी स्कूल बस! अचानक धधकने लगी आग, मचा हड़कंप
हल्द्वानी। लालकुआं क्षेत्र में एक बड़ा हादसा हुआ है, यहां मोटाहल्दू के पास सैमफोर्ड स्कूल की बस में अचानक आग लग गई। बस में आग लगने से बच्चों में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि आनन-फानन में बच्चों को बाहर निकाल लिया गया। हादसे की सूचना से बच्चों के अभिभावकों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। जिसने आग पर काबू पा लिया। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त बस में 35 बच्चे मौजूद थे, बस बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। जानकारी के अनुसार, बस के इंजन की तरफ शॉर्ट सर्किट हो गया, जिसके चलते बस से धुआं निकलने लगा। इसके बाद तत्काल बच्चों को स्कूल बस से बाहर निकाल लिया गया और सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दे दी गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया। पुलिस ने बताया कि सभी बच्चे पूरी तरह सुरक्षित हैं, इंजन में आग लगने के स्पष्ट कारणों का अभी पता नहीं लग पाया है।