• Home
  • News
  • Major accident in UP: E-rickshaw carrying women collides violently with a tractor; silence descends on Badaun following the deaths of six women.

यूपी में बड़ा हादसाः महिलाओं से भरे ई-रिक्शा की ट्रैक्टर से भीषण टक्कर! छह महिलाओं की मौत से बदायूं में पसरा सन्नाटा

editor
  • Awaaz Desk
  • June 17, 2026 10:06 AM
Major accident in UP: E-rickshaw carrying women collides violently with a tractor; silence descends on Badaun following the deaths of six women.

बदायूं। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में मंगलवार को एक ऐसा दर्दनाक सड़क हादसा हुआ जिसने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया। शादी की तैयारियों और खुशियों के बीच भात मांगने जा रही महिलाओं से भरा एक ई-रिक्शा बरेली-मथुरा हाईवे पर हादसे का शिकार हो गया। ट्रैक्टर से हुई भीषण टक्कर में छह महिलाओं की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे के बाद जिन घरों में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां चीख-पुकार और मातम का माहौल छा गया। घटना उझानी कोतवाली क्षेत्र के बरेली-मथुरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई। जानकारी के अनुसार एक परिवार में होने वाले विवाह समारोह के लिए गांव की महिलाएं पारंपरिक रस्म 'भात मांगने' जा रही थीं। सभी महिलाएं एक ई-रिक्शा में सवार थीं। ई-रिक्शा में कुल नौ लोग बैठे हुए थे और सभी लोग खुशी-खुशी शादी की रस्म में शामिल होने के लिए निकले थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगा। जिलाधिकारी अवनीश राय के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ई-रिक्शा चालक सड़क पर चल रहे एक ट्रैक्टर को बचाने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रहे दूसरे ट्रैक्टर से ई-रिक्शा की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों ने हादसे की आवाज सुनते ही मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायल महिलाओं को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन कई महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि एक महिला की उपचार के दौरान मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। हादसे में जिन महिलाओं की मौत हुई है उनमें प्रेमा (32) पत्नी रामचंद्र, गंगाश्री उर्फ सरला (32) पत्नी वीरपाल, राजुकुमारी (50) पत्नी डाल सिंह, रेवती (80) पत्नी रामचंद्र, नारायणी (30) पत्नी जितेंद्र और आरती (30) पत्नी वीरपाल शामिल हैं। आरती ने मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। हादसे में घायल दो महिलाओं और ई-रिक्शा चालक का मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। उझानी पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। जिलाधिकारी अवनीश राय तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा भी मौके के लिए रवाना हुए और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल दोनों ट्रैक्टर चालकों को हिरासत में ले लिया है। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

शादी वाले घर में पसरा मातम
यह हादसा इसलिए भी अधिक दर्दनाक माना जा रहा है क्योंकि महिलाएं शादी समारोह की एक महत्वपूर्ण रस्म के लिए जा रही थीं। जिन परिवारों में विवाह की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अचानक मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और हर व्यक्ति इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ घंटे पहले तक जिन महिलाओं के चेहरे पर शादी की खुशी दिखाई दे रही थी, वही महिलाएं अब इस दुनिया में नहीं रहीं। हादसे ने कई परिवारों से उनकी मां, बहन, पत्नी और बुजुर्ग सदस्य छीन लिए।


संबंधित आलेख: