• Home
  • News
  • Major accident on Rishikesh-Badrinath National Highway: Huge boulder falls on truck in Totaghati, driver dies tragically

ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़ा हादसा: तोताघाटी में ट्रक पर गिरा विशाल बोल्डर, चालक की दर्दनाक मौत

  • Tapas Vishwas
  • February 23, 2026 07:02 AM
Major accident on Rishikesh-Badrinath National Highway: Huge boulder falls on truck in Totaghati, driver dies tragically

ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के अति संवेदनशील तोताघाटी क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। पहाड़ी से अचानक गिरे विशाल बोल्डर की चपेट में आने से सीमेंट से लदे ट्रक के चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर करीब चार घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।  जानकारी के अनुसार, ट्रक ऋषिकेश से सीमेंट लेकर श्रीनगर की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन तोताघाटी के पास पहुंचा, अचानक पहाड़ी से छोटे-बड़े पत्थरों के साथ एक भारी बोल्डर ट्रक पर आ गिरा। एक विशाल पत्थर ट्रक के केबिन को तोड़ते हुए सीधे चालक के ऊपर जा गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल घटनास्थल पर पहुंचे। मलबा और बड़े पत्थरों के बीच फंसे चालक को निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। कई घंटों की कड़ी मेहनत के बाद बोल्डर के नीचे दबे चालक के शव को बाहर निकाला जा सका। मृतक की पहचान मुरारी लाल (55) निवासी पुदियानी, कर्णप्रयाग, जिला चमोली के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी देवप्रयाग भिजवा दिया है तथा परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। हादसे के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया था। प्रशासन ने जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से सड़क पर गिरे मलबे और बोल्डरों को हटाने का कार्य शुरू किया। करीब चार घंटे बाद मार्ग को आंशिक रूप से खोला गया, जबकि सुबह तक पूरी तरह यातायात सुचारू कर दिया गया। गौरतलब है कि तोताघाटी क्षेत्र भूस्खलन और पहाड़ से पत्थर गिरने के लिहाज से बेहद संवेदनशील ब्लैक स्पॉट माना जाता है। बरसात और मौसम में बदलाव के दौरान यहां इस तरह की घटनाएं अक्सर सामने आती रही हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस खतरनाक हिस्से में स्थायी सुरक्षा उपाय किए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।


संबंधित आलेख: