बड़ा हादसाः ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे पर पलटी रोडवेज बस! बाल-बाल बचे यात्री, मचा हड़कंप
रुद्रप्रयाग। ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर रुद्रप्रयाग के निकट उत्तराखण्ड परिवहन निगम की एक बस अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गई। बस में करीब 30 से 35 के बीच सवारियां बैठी थी। हादसे में यात्रियों में चीख पुकार मच गयी। घायल लोगों को पुलिस और डीडीआरफ की टीम ने उपचार के लिए चिकित्सालय भेजा, जबकि घटना के बाद वाहन चालक लापता हो गया। बस के अनियंत्रित होने का कारण परिवहन विभाग ब्रेक फेल होना बता रहा है, जबकि चश्मदीदों की माने तो ओवर टेक के चलते हादसा हुआ है। यह वाहन द्वाराहाट से देहरादून जा रहा था। हाईवे के जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां हाईवे के निचले छोर पर मिटटी का ढे़र लगा हुआ था। मिटटी के ढ़ेर के ऊपर से ही वाहन हाईवे पर पलट गया। यदि वहां पर मिटटी का ढ़र न होता तो वाहन के खाई में गिरने से बड़ा हादसा होने से इंकार नहीं किया जा सकता है। परिवहन विभाग और पुलिस की टीम जांच में जुट गई है। वाहन में सवार लोगों के साथ ही आपदा प्रबंधन अधिकारी नन्दन सिंह रजवार की माने तो ओवर टेक और तेज स्पीड के चलते हादसा हुआ है, जबकि परिवहन विभाग के अधिकारी इस घटना का कारण ब्रेक फेल होना बता रहे हैं।