देहरादून में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: एसएसपी ने बदले कई थानों के कोतवाल, ऋषिकेश,नगर और डालनवाला को मिले नए प्रभारी
देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में कानून-व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस महकमे में एक बड़ा फेरबदल किया गया है। देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेंद्र डोबाल ने तत्काल प्रभाव से कई थाना प्रभारियों और निरीक्षकों (इंसपेक्टरों) के तबादला आदेश जारी कर दिए हैं। इस फेरबदल के तहत जिले की कई महत्वपूर्ण कोतवालियों और पुलिस शाखाओं के प्रभारियों को इधर से उधर किया गया है, ताकि प्रशासनिक कार्यप्रणाली में तेजी लाई जा सके।
आधिकारिक आदेश के अनुसार,लंबे समय से रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट को अब कोतवाली ऋषिकेश का नया प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं, ऋषिकेश कोतवाली के मौजूदा प्रभारी निरीक्षक कैलाश चंद्र भट्ट को वहां से हटाकर बेहद महत्वपूर्ण 'कोतवाली नगर' की कमान सौंपी गई है। कोतवाली नगर के निवर्तमान प्रभारी निरीक्षक हरिओम राज चौहान को अब पुलिस कार्यालय के 'चुनाव सैल' का प्रभारी बनाकर नई जिम्मेदारी दी गई है। तबादला सूची के अनुसार, रिजर्व पुलिस लाइन से हटाकर निरीक्षक राकेश गुसाई को प्रभारी निरीक्षक कोतवाली डोईवाला बनाया गया है। डोईवाला के प्रभारी निरीक्षक कमल कुमार लुण्टी का स्थानांतरण अब थाना रायवाला के लिए किया गया है। इसके अतिरिक्त, कानून व्यवस्था और जन-शिकायतों को मजबूती देने के लिए डालनवाला कोतवाली में भी बदलाव हुआ है। यहां तैनात प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह कुंवर को अब शाखा प्रभारी 'शिकायत प्रकोष्ठ' की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, शिकायत प्रकोष्ठ के मौजूदा शाखा प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह गहलावत को अब प्रभारी निरीक्षक कोतवाली डालनवाला के रूप में नई पोस्टिंग दी गई है। गौरतलब है कि निरीक्षकों के इस तबादले से ठीक पहले शासन स्तर पर भारतीय पुलिस सेवा, पीपीएस और पीसीएस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी व्यापक बदलाव किए गए थे। उसी कड़ी के तहत आईपीएस अधिकारी निवेदिता कुकरेती को 'आईजी कुमाऊं' जैसी बड़ी जिम्मेदारी दी गई थी। उनसे पहले यह पद संभाल रही रिद्धिम अग्रवाल को पुलिस महानिरीक्षक (अपराध और कानून व्यवस्था) के पद पर तैनात किया गया था। एसएसपी के इस नए आदेश को उसी प्रशासनिक कसावट के अगले चरण के रूप में देखा जा रहा है।