• Home
  • News
  • Major blow to the illicit liquor network in Udham Singh Nagar! A large quantity of suspicious chemicals was seized and a warehouse sealed during a joint raid by the Excise Department and the STF.

ऊधम सिंह नगर में अवैध शराब के नेटवर्क पर बड़ी चोट! आबकारी विभाग और एसटीएफ की संयुक्त छापेमारी में भारी मात्रा में संदिग्ध रसायन बरामद, गोदाम सील

editor
  • Awaaz Desk
  • July 10, 2026 12:07 PM
Major blow to the illicit liquor network in Udham Singh Nagar! A large quantity of suspicious chemicals was seized and a warehouse sealed during a joint raid by the Excise Department and the STF.

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर में अवैध शराब और मादक पदार्थों के नेटवर्क पर शिकंजा कसते हुए आबकारी विभाग और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। किच्छा क्षेत्र के चुटकी देवरिया स्थित एक गोदाम पर छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में संदिग्ध रसायन और ड्रम बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि इन रसायनों का उपयोग अवैध शराब अथवा अन्य मादक पदार्थों के निर्माण में किया जा सकता था। कार्रवाई के बाद पूरे गोदाम को सील कर दिया गया है और बरामद सामग्री के नमूने जांच के लिए एफएसएल भेज दिए गए हैं। जानकारी के अनुसार, जिला आबकारी अधिकारी महेंद्र बिष्ट के निर्देशन में आबकारी विभाग की क्षेत्र-1 रुद्रपुर, क्षेत्र-3 बाजपुर, जनपदीय प्रवर्तन दल ऊधम सिंह नगर तथा एसटीएफ की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की। टीम ने चुटकी देवरिया स्थित गोदाम में छापा मारकर वहां रखे ड्रमों और संदिग्ध रसायनों की जांच की। छापेमारी के दौरान गोदाम से 200 लीटर क्षमता वाले 73 ड्रम तथा 30 लीटर क्षमता वाले 14 ड्रम बरामद किए गए। अधिकारियों के अनुसार, इन ड्रमों में मौजूद रसायनों की प्रकृति और उपयोग की पुष्टि के लिए मौके पर ही नमूने लिए गए हैं। सभी सैंपलों को परीक्षण के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्राथमिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि गोदाम का उपयोग अवैध शराब अथवा अन्य मादक द्रव्यों के निर्माण, भंडारण और सप्लाई के लिए किया जा रहा था। हालांकि अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बरामद रसायनों का वास्तविक उपयोग और उनकी प्रकृति का अंतिम खुलासा एफएसएल रिपोर्ट मिलने के बाद ही हो सकेगा। संयुक्त टीम ने कार्रवाई के दौरान पूरे गोदाम को सील कर दिया है ताकि जांच पूरी होने तक वहां रखी सामग्री के साथ किसी प्रकार की छेड़छाड़ न हो सके। साथ ही गोदाम के संचालक, स्वामित्व, लाइसेंस और बरामद रसायनों के स्रोत से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में अवैध गतिविधियों की पुष्टि होती है तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम और अन्य प्रासंगिक कानूनों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।


संबंधित आलेख: