• Home
  • News
  • Major breakthrough in the Rudrapur murder case! A close friend hatched the murder plot over a dispute involving a mere ₹5,000 and killed the victim at an under-construction house.

रुद्रपुर हत्याकांड का बड़ा खुलासा! महज 5 हजार रुपये के विवाद में करीबी दोस्त ने रची हत्या की साजिश, निर्माणाधीन मकान में उतारा मौत के घाट

editor
  • Awaaz Desk
  • August 05, 2026 02:08 PM
 Major breakthrough in the Rudrapur murder case! A close friend hatched the murder plot over a dispute involving a mere ₹5,000 and killed the victim at an under-construction house.

रुद्रपुर। उधम सिंह नगर के ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में बीते दिनों निर्माणाधीन मकान के पास मिले युवक के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस जांच में यह मामला हत्या का निकला, जिसमें मृतक के करीबी दोस्त ने ही केवल पांच हजार रुपये के शक में उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शव को निर्माणाधीन मकान के पास छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त रस्सी और ईंट का टुकड़ा भी बरामद कर लिया है। मामले का खुलासा एसएसपी अजय गणपति ने प्रेस वार्ता में किया। पुलिस के अनुसार 31 जुलाई को ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के शिवनगर स्थित एक निर्माणाधीन मकान के पास एक युवक का शव बरामद हुआ था। शव के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने तत्काल विशेष टीम गठित कर जल्द खुलासे के निर्देश दिए। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ, तकनीकी साक्ष्यों और भौतिक सबूतों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई। पुलिस ने मृतक की पहचान ट्रांजिट कैंप निवासी अनिल कुमार पुत्र मुशाराम चंद के रूप में की।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अनिल की मौत गला दबाने से होना सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी। विवेचना में पता चला कि घटना वाले दिन अनिल अपने तीन साथियों के साथ आजादनगर, ट्रांजिट कैंप में शराब पी रहा था। कुछ देर बाद उसके दो साथी रोहित राजपूत और विजय वहां से चले गए, जबकि अनिल अपने करीबी दोस्त सुनील कुमार उर्फ इक्का के साथ रह गया। पुलिस के मुताबिक, सुनील अनिल को बहाने से शिवनगर स्थित निर्माणाधीन मकान में ले गया, जहां दोनों ने दोबारा शराब पी। इसी दौरान सुनील ने लकड़ी की फट्टी और ईंट से अनिल पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद उसने रस्सी से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे संदेह था कि अनिल ने उसके पांच हजार रुपये चोरी कर लिए थे। इसी शक के चलते उसने अपने ही दोस्त की जान ले ली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि वैज्ञानिक साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का सफल खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी गंभीर अपराध को अनसुलझा नहीं छोड़ा जाएगा।


संबंधित आलेख: