• Home
  • News
  • Major leadership change in UP BJP! Seven-time MP and Union Minister Pankaj Chaudhary becomes state president.

यूपी बीजेपी में बड़ा नेतृत्व परिवर्तन! 7 बार के सांसद और केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी बने प्रदेश अध्यक्ष

  • Awaaz Desk
  • December 14, 2025 09:12 AM
Major leadership change in UP BJP! Seven-time MP and Union Minister Pankaj Chaudhary becomes state president.

लखनऊ। यूपी में बीजेपी अध्यक्ष का औपचारिक ऐलान हो गया है। आज रविवार को केंद्रीय मंत्री और महाराजगंज से 7 बार के लोकसभा सांसद पंकज चौधरी को यूपी का नया भाजपा प्रदेश अध्यक्ष घोषित कर दिया गया है। केंद्रीय मंत्री और उत्तर प्रदेश के चुनाव प्रभारी पीयूष गोयल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में लखनऊ पार्टी दफ्तर में आयोजित कार्यक्रम में उनके नाम की औपचारिक घोषणा की। कार्यक्रम की शुरुआत स्वस्ति वाचन, शंखनाद और डमरू वादन के साथ हुई, जिसके बाद पंकज चौधरी को नए प्रदेश अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण कराया गया। निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह ने पार्टी का झंडा नवनियुक्त अध्यक्ष पंकज चौधरी को सौंपा गया। बता दें कि पंकज चौधरी के खिलाफ किसी और उम्मीदवार ने अपना नामांकन दाखिल नहीं किया था। महाराजगंज से सात बार के सांसद और केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी कुर्मी समाज से आते हैं। प्रदेश अध्यक्ष पद पर उनकी नियुक्ति को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले यूपी में ओबीसी वोट बैंक को मजबूत करने की बीजेपी की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। पंकज चौधरी कुर्मी समाज से आने वाले यूपी बीजेपी के चौथे प्रदेश अध्यक्ष हैं। उनसे पहले विनय कटियार, ओम प्रकाश सिंह और स्वतंत्र देव सिंह यूपी बीजेपी अध्यक्ष रह चुके हैं। ये तीनों भी कुर्मी समुदाय से आते हैं। पंकज चौधरी के राजनीति करियर की शुरुआत 1989 में गोरखपुर नगर निगम के पार्षद के रूप में हुई थी। उसी वर्ष वह गोरखपुर के डिप्टी मेयर बने। उन्हें बीजेपी ने 1991 में महराजगंज लोकसभा सीट से टिकट दिया। उन्होंने पार्टी को निराश नहीं किया और महज 27 साल की उम्र में चुनाव जीतकर देश की संसद में पहुंचे। उन्होंने 1991, 1996, 1998, 2004, 2014, 2019 और 2024 में महराजगंज लोकसभा सीट से 7 बार जीत दर्ज की। 


संबंधित आलेख: