• Home
  • News
  • Major Police Crackdown on Illegal Weapons in Udham Singh Nagar! 77 Firearms Recovered, 64 Smugglers Arrested in 15 Days.

ऊधम सिंह नगर में अवैध हथियारों के खिलाफ पुलिस का बड़ा प्रहार! 15 दिन में 77 असलहे बरामद, 64 तस्कर गिरफ्तार

  • Tapas Vishwas
  • March 27, 2026 11:03 AM
Major Police Crackdown on Illegal Weapons in Udham Singh Nagar! 77 Firearms Recovered, 64 Smugglers Arrested in 15 Days.

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जनपद पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी और उनके प्रदर्शन पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में पिछले 15 दिनों से जारी इस सघन अभियान में पुलिस ने 77 अवैध शस्त्र और 116 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 64 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया है।

शुक्रवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान एसएसपी अजय गणपति ने अभियान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनपद का कार्यभार संभालने के तुरंत बाद उनकी प्राथमिकता क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना और अवैध हथियारों के नेटवर्क को ध्वस्त करना था। इसी क्रम में सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए गए थे कि अवैध असलहा रखने वालों और उनकी तस्करी करने वाले गिरोहों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाए। एसएसपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों से की गई शुरुआती पूछताछ और जांच में यह बात सामने आई है कि अवैध हथियारों की खेप मुख्य रूप से पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश से ऊधम सिंह नगर जनपद में लाई जा रही थी। पुलिस ने इस नेटवर्क को तोड़ने के लिए कई बड़े असलहा तस्करों को भी दबोचा है। बरामद किए गए 77 हथियारों में तमंचे और मस्कट शामिल हैं। इसके साथ ही पुलिस ने 116 जिंदा कारतूस और चार खाली खोखे भी बरामद किए हैं। प्रेसवार्ता के दौरान एसएसपी ने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड एक शांत प्रदेश है और यहाँ की कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा, अपराध और अपराधियों के खिलाफ पुलिस का रुख बेहद सख्त है। यह 15 दिवसीय अभियान केवल शुरुआत है; आने वाले समय में भी अवैध हथियारों और नशा तस्करों के खिलाफ इस तरह की प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी। जनपद के विभिन्न थानों द्वारा की गई इस संयुक्त कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है। इतनी बड़ी संख्या में हथियारों की बरामदगी से यह साफ है कि पुलिस ने अपराधियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया है। एसएसपी ने अभियान में शामिल पुलिस टीम के बेहतर प्रदर्शन पर संतोष व्यक्त किया और भविष्य में भी इसी मुस्तैदी के साथ काम करने के निर्देश दिए।


संबंधित आलेख: