• Home
  • News
  • Major road accident in Nainital! Tempo Traveller carrying tourists plunges into deep gorge; one tourist dead.

नैनीताल में बड़ा सड़क हादसा! गहरी खाई में गिरा सैलानियों से भरा टेंपो ट्रैवलर, एक पर्यटक की मौत

editor
  • Awaaz Desk
  • August 14, 2026 01:08 PM
Major road accident in Nainital! Tempo Traveller carrying tourists plunges into deep gorge; one tourist dead.

नैनीताल। रामगढ़-मुक्तेश्वर मोटर मार्ग पर शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यात्रियों से भरा टेंपो ट्रैवलर सड़क से अनियंत्रित होकर करीब 25 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के समय वाहन में चालक समेत कुल 22 लोग सवार थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर सर्विस, एसडीआरएफ और स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 14 लोग गंभीर रूप से घायल बताए गए हैं। छह यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। पुलिस ने हादसे के बाद मौके से फरार हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार टेंपो ट्रैवलर रामगढ़-मुक्तेश्वर मोटर मार्ग पर जा रहा था। इसी दौरान वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे पैराफिट से टकराने के बाद करीब 25 मीटर नीचे खाई में जा गिरा। वाहन के खाई में गिरते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे की जानकारी मिलते ही नैनीताल एसपी डॉ. जगदीश चंद्र के पर्यवेक्षण में भवाली के सीओ रविकांत सेमवाल, प्रभारी निरीक्षक भवाली प्रकाश सिंह मेहरा, स्थानीय थाना पुलिस, फायर सर्विस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय ग्रामीण भी राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। खाई काफी गहरी होने और वाहन के क्षतिग्रस्त होने के कारण रेस्क्यू टीमों को यात्रियों तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। संयुक्त टीम ने रस्सियों और अन्य बचाव उपकरणों की मदद से घायलों को एक-एक कर खाई से बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल भेजना शुरू किया।

14 गंभीर घायल, हायर सेंटर रेफर
पुलिस के मुताबिक हादसे में घायल 14 लोगों को स्थानीय सीएचसी में प्राथमिक उपचार दिया गया। उनकी हालत गंभीर देखते हुए सभी को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। घायलों में मनीष कुमार, नंदिनी, तुषार कुमार, लक्ष्मी, मयंक, प्रदीप कुमार, रितिका, हर्ष वर्मा, पायल, आनंद, अजय, अंजलि, 10 माह की बच्ची मिस्टी और यश कुमार शामिल हैं। वहीं छह लोगों को रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इनमें धर्मेंद्र, डॉली, अंजलि, धीरज, अंकित और सोनिया शामिल हैं। हादसे में फरीदाबाद निवासी 24 वर्षीय सुमित पाल सिंह पुत्र कनक पाल सिंह की मौत हो गई। हादसे के बाद उनके परिवार में मातम पसरा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

क्षतिग्रस्त वाहन में फंसा था एक व्यक्ति
हादसे के बाद रेस्क्यू टीम के सामने सबसे बड़ी चुनौती वाहन में फंसे एक व्यक्ति को बाहर निकालना था। पुलिस के अनुसार वाहन के अंदर एक व्यक्ति फंसा हुआ था और उसकी स्थिति अत्यधिक नाजुक बताई गई। उसे बाहर निकालने के लिए बचाव दल ने गैस कटर और अन्य उपकरणों का इस्तेमाल किया। टीमों ने वाहन को काटकर अंदर फंसे व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास तेज कर दिए। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी रहीं।


संबंधित आलेख: