• Home
  • News
  • Major tragedy: Truck loaded with paddy claims 14 lives in Gwalior; car runs over 3 people outside a Durga Puja pandal in UP.

बड़ा हादसाः ग्वालियर में धान से भरे ट्रक ने 14 लोगों की जान ली! यूपी में दुर्गा पूजा पंडाल के बाहर कार ने 3 को कुचला

editor
  • Awaaz Desk
  • October 18, 2026 08:10 AM
Major tragedy: Truck loaded with paddy claims 14 lives in Gwalior; car runs over 3 people outside a Durga Puja pandal in UP.

नई दिल्ली। नवरात्रि के पावन पर्व पर मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश से दो दर्दनाक हादसों की खबर सामने आई है। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के बाहर बेकाबू धान से भरे ट्रक ने श्रद्धालुओं को कुचल दिया, जिसमें 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। वहीं, उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में दुर्गा पूजा पंडाल के बाहर पर्दे पर वीडियो देख रहे श्रद्धालुओं को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। दोनों घटनाओं के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जबकि पुलिस ने मामलों की जांच शुरू कर दी है। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब डेढ़ बजे यह हादसा हुआ। नवरात्रि के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु शीतला माता के दर्शन के लिए मंदिर पहुंच रहे थे। इसी दौरान चीनौर की ओर से धान से भरा एक ट्रक मंदिर की तरफ आ गया। पुलिस ने भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने के लिए सड़क पर बैरिकेड्स लगाए थे, लेकिन ट्रक उन्हें तोड़ते हुए आगे बढ़ गया। बताया गया कि ढलान पर ट्रक अचानक बेकाबू हो गया और मंदिर के मुख्य द्वार तथा बाहरी दीवार से जा टकराया। इस दौरान वहां मौजूद श्रद्धालु ट्रक की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मंदिर के गेट की दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। एसएसपी धर्मवीर सिंह के मुताबिक, हादसे में 14 लोगों की मौत हुई है। पांच घायलों की हालत गंभीर बताई गई है और उन्हें फ्रैक्चर भी हुए हैं। अन्य घायलों का उपचार जारी है। मौके पर तैनात दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। हालांकि, घायलों की संख्या को लेकर शुरुआती जानकारी में अंतर सामने आया है। प्रत्यक्षदर्शियों और एक घायल के परिजन ने ट्रक में क्षमता से अधिक सामान लदे होने की बात कही है। प्रशासन इस पहलू की भी जांच कर रहा है। यह पता लगाया जा रहा है कि प्रतिबंध और बैरिकेड्स के बावजूद ट्रक मंदिर की ओर कैसे पहुंचा। ट्रक की तकनीकी स्थिति की जांच के लिए परिवहन विभाग की टीम भी भेजी गई है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को चार लाख रुपये, गंभीर घायलों के परिजनों को दो लाख रुपये और मामूली रूप से घायल लोगों के परिजनों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया है।

बलरामपुर में दुर्गा पूजा पंडाल के बाहर कार का कहर
यूपी के बलरामपुर जिले में भी शनिवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। चिरगहियां बेलहा गांव में दुर्गा पूजा पंडाल के बाहर श्रद्धालु पर्दे पर वीडियो देख रहे थे। इसी दौरान सिद्धार्थनगर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार ने वहां मौजूद लोगों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। हादसे में चार अन्य लोग घायल हुए हैं। पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह के अनुसार, मृतकों की पहचान मनोज सिंह (40), गणेश (35) और पतेश्वरी (50) के रूप में हुई है। घायल छेदी राम (45) और डब्लू (35) को बेहतर उपचार के लिए बहराइच के अस्पताल में रेफर किया गया है। अन्य घायलों का इलाज जारी है। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।


संबंधित आलेख: