• Home
  • News
  • Mallikarjun Kharge's witty remark in the Rajya Sabha: "Love is with us, marriage is with Modi," his comment on HD Deve Gowda sparked laughter in the House.

मल्लिकार्जुन खरगे का राज्यसभा में मजाकिया तंज! मोहब्बत हमारे साथ और शादी मोदी साहब के साथ, एचडी देवेगौड़ा पर टिप्पणी से सदन में गूंजे ठहाके

  • Awaaz Desk
  • March 18, 2026 10:03 AM
Mallikarjun Kharge's witty remark in the Rajya Sabha: "Love is with us, marriage is with Modi," his comment on HD Deve Gowda sparked laughter in the House.

नई दिल्ली। राज्यसभा में आज बुधवार को रिटायर हो रहे सदस्यों को विदाई दी गई। विदाई संबोधन के दौरान राज्यसभा में हल्के-फुल्के मजाकिया पल भी देखने को मिले। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि राजनीति और सार्वजनिक जीवन में लोग कभी थकते नहीं और सच में रिटायर भी नहीं होते, क्योंकि राष्ट्र सेवा की भावना उन्हें हमेशा आगे बढ़ाती रहती है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा के साथ अपनी लंबी दोस्ती का जिक्र करते हुए कहा कि वह उन्हें 54 साल से ज्यादा समय से जानते हैं और साथ काम किया है। फिर मजाकिया अंदाज में उन्होंने तंज कसा कि बाद में पता नहीं क्या हो गया, वो मोहब्बत हमारे साथ किए, शादी मोदी साहब के साथ। राज्यसभा में विपक्ष के नेता खरगे ने यह बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में कही, जिससे पूरे सदन में ठहाके गूंज उठे। इससे पहले पीएम मोदी ने रिटायर हो रहे सांसदों का शुक्रिया अदा किया और संसद में उनके योगदान की सराहना की। अप्रैल से जुलाई के बीच राज्यसभा से सेवानिवृत्त हो रहे 59 सांसदों को विदाई देते हुए उन्होंने संसद को एक ओपन यूनिवर्सिटी करार दिया। उन्होंने कहा कि राजनीति में फुल स्टॉप जैसी कोई चीज नहीं होती। भविष्य आपका भी इंतजार कर रहा है और आपका अनुभव हमेशा हमारे राष्ट्रीय जीवन का स्थायी हिस्सा रहेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने नए चुने हुए सांसदों से अपील की कि वे देवेगौड़ा, खड़गे और शरद पवार जैसे वरिष्ठ नेताओं से सीखें, जिन्होंने अपनी जिंदगी का आधे से ज्यादा समय संसदीय सेवा में लगाया है। उन्होंने हल्के फुल्के अंदाज में केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले का भी जिक्र करते हुए कहा कि हमारे अठावले जी वास्तव में सदाबहार हैं। वह जा रहे हैं, फिर भी मुझे विश्वास है कि कोई खालीपन महसूस नहीं करेगा, वह लगातार सेवाएं देते रहेंगे। पीएम मोदी ने इस दौरान इस बात का भी जिक्र किया कि सेवानिवृत्त हो रहे कुछ सदस्यों ने पुराने और नए संसद भवन दोनों में सेवा की।
 


संबंधित आलेख: