पटना में कंकड़बाग तक दौड़ी मेट्रो: मलाही पकड़ी से भूतनाथ स्टेशन के सफर पर निकले सीएम सम्राट चौधरी, आज से आम जनता के लिए खुलेगा रूट
पटना। पटनावासियों के लिए ट्रैफिक जाम से मुक्ति और आधुनिक सफर का एक नया अध्याय शुरू हो गया है। राजधानी के न्यू बाइपास पर दौड़ने वाली पटना मेट्रो अब कंकड़बाग के मलाही पकड़ी तक पहुंच चुकी है। बुधवार दोपहर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कंकड़बाग के मलाही पकड़ी स्टेशन से भूतनाथ स्टेशन तक मेट्रो में सफर कर इस नए विस्तारित रूट का शुभारंभ किया। पहली बार मेट्रो ने पटना शहर के रिहायशी इलाके के भीतर प्रवेश किया है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी उत्साह है। गुरुवार (2 जुलाई) से यह छह किलोमीटर लंबा रूट आम यात्रियों के लिए पूरी तरह खोल दिया जाएगा। बुधवार सुबह ठीक 11:45 बजे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन पहुंचे। इस ऐतिहासिक सफर में उनके साथ दोनों डिप्टी सीएम बिजेंद्र प्रसाद यादव व विजय कुमार चौधरी, उद्योग मंत्री नीतीश मिश्रा सहित वरिष्ठ अधिकारियों की पूरी टीम मौजूद रही। एस्केलेरेटर के जरिए प्लेटफॉर्म पर पहुंचने के बाद सभी नेताओं और मीडियाकर्मियों ने मेट्रो की 'जॉय राइड' का आनंद लिया।
हालांकि, सफर की शुरुआत होते ही कोच में पहली उद्घोषणा यह हुई कि मेट्रो 'खेमनीचक स्टेशन' पर नहीं रुकेगी। अधिकारियों ने बताया कि खेमनीचक स्टेशन का निर्माण कार्य अभी अंतिम चरण में है और इसे पूरी तरह तैयार होने में करीब 15 दिनों का समय और लगेगा। तब तक ट्रेन यहाँ बिना रुके सीधे गुजर जाएगी। इस नए विस्तार के बाद अब अंतरराज्यीय बस अड्डा (आईएसबीटी) बैरिया से लेकर कंकड़बाग के मलाही पकड़ी तक कुल छह किलोमीटर के दायरे में मेट्रो सेवा उपलब्ध होगी। विभाग ने नया किराया चार्ट भी जारी कर दिया है। इस पूरे रूट का किराया 30 रुपये तय किया गया है। पहले की तरह ही यात्री मात्र 15 रुपये में इस दूरी का सफर तय कर सकेंगे। गौरतलब है कि करीब 13,365 करोड़ रुपये की कुल लागत से पटना मेट्रो का निर्माण किया जा रहा है। इसके प्रथम फेज के तहत पिछले साल 6 अक्टूबर 2025 को तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आईएसबीटी से भूतनाथ रोड तक 3.2 किलोमीटर के पहले कॉरिडोर की सौगात दी थी। अब करीब आठ महीने बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस सेवा को कंकड़बाग तक बढ़ाकर शहर के भीतर पहुंचा दिया है। भविष्य में खेमनीचक स्टेशन शुरू होने के बाद ही मेट्रो का रूट मीठापुर, चंद्रगुप्त प्रबंधन संस्थान और करबिगहिया होते हुए पटना जंक्शन से जुड़ेगा, हालांकि इस रूट पर अभी ट्रैक बिछाने का काम शुरुआती चरण में है। इस एलिवेटेड (ऊपर बने) रूट के रोमांच के बाद अब पटना के लोग बेसब्री से अंडरग्राउंड (भूमिगत) मेट्रो का इंतजार कर रहे हैं। राहत की बात यह है कि मलाही पकड़ी स्टेशन के बाद से ही मेट्रो का रूट भूमिगत हो जाएगा। इसके तहत शहर में कुल 6 अंडरग्राउंड स्टेशनों का निर्माण युद्धस्तर पर चल रहा है। इसमें राजेंद्र नगर, मोइनुल हक स्टेडियम, पटना साइंस कॉलेज, पीएमसीएच (PMCH), गांधी मैदान और आकाशवाणी मेट्रो स्टेशन शामिल हैं। दो संग्रहालयों के बीच बनने वाले भूमिगत मार्ग और इन अंडरग्राउंड स्टेशनों के शुरू होने के बाद पटना का यातायात पूरी तरह बदल जाएगा।