• Home
  • News
  • Motherhood shamed: In Bageshwar, a mother strangled her 22-day-old daughter, taking revenge on the newborn for a dispute with her in-laws.

ममता शर्मसार: बागेश्वर में मां ने 22 दिन की मासूम बेटी का घोंटा गला, सास-ससुर से विवाद का बदला नवजात से लिया

  • Tapas Vishwas
  • February 25, 2026 09:02 AM
Motherhood shamed: In Bageshwar, a mother strangled her 22-day-old daughter, taking revenge on the newborn for a dispute with her in-laws.

बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले से एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने मानवता और मां-बेटी के पवित्र रिश्ते को झकझोर कर रख दिया है। बैजनाथ थाना क्षेत्र के जैसर गांव में एक मां ने अपने ही 22 दिन की दुधमुंही बच्ची की गला घोंटकर निर्मम हत्या कर दी। शुरुआती जांच में इस जघन्य अपराध के पीछे सास-ससुर से हुआ पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी मां के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

घटना की शुरुआत जैसर गांव में 22 दिन की नवजात बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से हुई। शुरुआत में इसे सामान्य मौत माना जा रहा था, लेकिन मासूम के दादा केशर सिंह को कुछ संदेह हुआ। उन्होंने बच्ची के शव का पोस्टमॉर्टम कराने का निर्णय लिया। जब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट सामने आई, तो डॉक्टरों और पुलिस के होश उड़ गए। रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि बच्ची की मौत प्राकृतिक नहीं थी, बल्कि उसका गला दबाकर उसकी हत्या की गई थी। मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी महिला का पति वर्तमान में विदेश में नौकरी करता है और वह घर पर अपने सास-ससुर के साथ रहती थी। बताया जा रहा है कि घर में आए दिन होने वाले क्लेश और सास-ससुर से हुए विवाद के बाद महिला ने अपना आपा खो दिया और गुस्से का बदला अपनी ही मासूम बेटी से लिया। मासूम बच्ची के दादा केशर सिंह ने बैजनाथ थाने में तहरीर देते हुए अपनी बहू पर पोती की हत्या का सीधा आरोप लगाया है। पुलिस उपाधीक्षक बागेश्वर, अजय साह ने बताया कि केशर सिंह की तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। उन्होंने कहा, "पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला घोंटने की पुष्टि होने के बाद यह साफ है कि यह हत्या का मामला है। पुलिस पारिवारिक विवाद सहित तमाम पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने मार्च 2025 में हरिद्वार में हुई उस खौफनाक वारदात की यादें ताजा कर दी हैं, जहां एक महिला ने अपनी दो मासूम बच्चियों को मौत के घाट उतार दिया था। उस मामले में भी महिला ने पहले पुलिस को गुमराह किया था, लेकिन बाद में कड़ाई से पूछताछ में सच उगल दिया था। बागेश्वर की इस घटना ने एक बार फिर समाज में बढ़ते मानसिक तनाव और घरेलू हिंसा के भयानक परिणामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वर्तमान में पूरे गांव में सन्नाटा पसरा है और परिवार सदमे में है।
 


संबंधित आलेख: