निकाय चुनावः नगर निगम चुनाव में कांग्रेस का सूपड़ा साफ! प्रदेश अध्यक्ष बोले- पार्टी के लिए आत्ममंथन का समय, प्रत्याशियों को लेकर कही बड़ी बात
देहरादून। उत्तराखण्ड में निकाय चुनाव सम्पन्न हो चुके हैं। इस दौरान प्रदेश के 10 नगर निगमों में भाजपा प्रत्याशियों की जीत हुई, जबकि एक सीट पर निर्दलीय ने बाजी मारी। इस दौरान कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया। कांग्रेस ने एक भी मेयर सीट पर जीत दर्ज नहीं की। हांलाकि नगर पंचायतों और पालिकाओं में कांग्रेस का परिणाम कुछ हद तक संतोषजनक रहा, लेकिन निगमों में कांग्रेस खाता तक नहीं खोल पाई। इस बीच नगर निगमों में मिली हार पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि यह कांग्रेस पार्टी के लिए आत्ममंथन का दौर है। नगर निगमों से कांग्रेस पार्टी को काफी उम्मीदें थी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की मानें तो सभी की रायशुमारी के अनुरूप कैंडिडेट को टिकट दिया गया था और पार्टी में भी कोई विरोध उनको लेकर नहीं था। सभी लोग यह कह भी रहे थे कि इस बार कांग्रेस ने अच्छे प्रत्याशी को टिकट दिया गया था।