निकाय चुनावः नैनीताल में पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च! अराजक तत्वों को दी सख्त चेतावनी

नैनीताल। 23 जनवरी को होने जा रहे नगर निकाय चुनाव को लेकर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रही है। चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराने के लिए सीओ नैनीताल प्रमोद साह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नगर में फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य आम जनता को निष्पक्ष एवं भयमुक्त मतदान करने के लिए जागरूक करना था। सीओ प्रमोद साह ने बताया कि नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न कराए जाने, निर्भीक और निष्पक्ष मतदान हेतु पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल उपलब्ध है। स्थानीय लोगों से चुनाव के दौरान शांति बनाए रखने तथा क्षेत्र में अराजकता फैलाने का प्रयास करने वाले अवांछनीय तत्वों के बारे में पुलिस को तत्काल सूचित करने की अपील की गई। उन्होंने कहा कि चुनावी माहौल के दौरान किसी भी प्रकार की अराजकता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी।