• Home
  • News
  • Naini Lake turns into a 'death mystery': Hotel worker's body found again near Thandi Sadak; discovery of third body in a week sparks sensation in Nainital.

नैनीझील बनी 'डेथ मिस्ट्री': ठंडी सड़क के पास फिर मिला होटल कर्मी का शव, हफ्तेभर में तीसरी लाश मिलने से नैनीताल में सनसनी

editor
  • Tapas Vishwas
  • June 30, 2026 08:06 AM
Naini Lake turns into a 'death mystery': Hotel worker's body found again near Thandi Sadak; discovery of third body in a week sparks sensation in Nainital.

नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल की विश्व प्रसिद्ध नैनीझील इन दिनों लगातार मिल रहे शवों के कारण रहस्य और सनसनी का केंद्र बन गई है। बीते कुछ ही दिनों के भीतर झील से दो शव बरामद होने के बाद, मंगलवार दोपहर ठंडी सड़क स्थित पाषाण देवी मंदिर के समीप झील में एक और युवक का शव उतराता मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची मल्लीताल कोतवाली पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकाला। मृतक की शिनाख्त नैनीताल के ही एक स्थानीय होटल कर्मी के रूप में हुई है, जो पिछले तीन दिनों से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता था।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर ठंडी सड़क से गुजर रहे स्थानीय निवासियों और पर्यटकों की नजर पाषाण देवी मंदिर के पास झील के पानी पर पड़ी। वहां एक युवक का शव तैर रहा था। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मल्लीताल कोतवाली प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जल पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से शव को झील से बाहर निकाला। पुलिस ने जब शव की तलाशी ली, तो मृतक के पास से एक बैग बरामद हुआ, जिसमें कुछ निजी सामान था। इसी सामान और हुलिए के आधार पर मृतक की पहचान नैनीताल के 7 नंबर क्षेत्र निवासी प्रकाश चंद्र आर्या के रूप में की गई। परिजनों ने बताया कि प्रकाश चंद्र नैनीताल के ही एक टूरिस्ट होटल में काम करता था। बीते शनिवार की रात करीब 8 बजे वह होटल से निकला था, लेकिन घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने रात 9 बजे उसे फोन करने की कोशिश की, तो उसका मोबाइल लगातार बंद आने लगा। अनहोनी की आशंका को देखते हुए परिजनों ने मल्लीताल कोतवाली में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। नैनीझील में लगातार मिल रहे शवों के कारण स्थानीय व्यापारियों, नागरिकों और यहां घूमने आने वाले पर्यटकों में एक अनजाना डर पैदा होने लगा है। बीते दिनों भी ठंडी सड़क के इसी क्षेत्र के आसपास दो अलग-अलग शव मिलने से पुलिस प्रशासन पर सवाल खड़े हुए थे। लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद स्थानीय संगठनों ने ठंडी सड़क और नैनीझील के चारों ओर पुलिस गश्त बढ़ाने और सीसीटीवी कैमरों की संख्या में इजाफा करने की मांग उठाई है। फिलहाल, प्रकाश की मौत के बाद उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पुलिस मामले की तह तक जाने का प्रयास कर रही है।
 


संबंधित आलेख: