नैनीताल : अलीगढ़-संभल के विशेष समुदाय के 13 लोगो ने यहाँ अनुसूचित जाति के लोगो की भूमि की करवाई रजिस्ट्री
उत्तराखंड में भू कानून की मांग बढ़ रही है। इधर नैनीताल में बीजेपी नेता अजेंद्र अजय ने आरोप लगाते हुए कहा है कि नैनीताल जिले में धारी तहसील के सरना गांव में अनुसूचित जाति के लोगो की ज़मीन एक विशेष समुदाय के लोगो ने प्रलोभन और दबाव देकर खरीदी गई है। अजेंद्र अजय ने इस बाबत सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शुक्रवार को मिलकर उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने सीएम को बताया कि 21 और 22 सितंबर को एक समुदाय विशेष के करीब 13 लोगो ने एक साथ सरना गांव में रजिस्ट्री करवाई है। ये भूमि अनुसूचित जाति के लोगो की थी ,जिनपर दबाव और प्रलोभन देकर ज़मीन की खरीद की गई है। ज़मीन खरीदने वाले सभी एक ही समुदाय के लोग है। ये लोग अलीगढ़ और संभल के बताए जा रहे है। इस मामले में भूमि विक्रय करने वाले लोगो की पत्नियों ने भी लिखित शिकायत उपजिलाधिकारी से की है ,शिकायत में उन्होंने लिखा है कि उनके पतियों ने अपनी भूमि के पंजीकृत बेनामे कर दिए है,जिसका असर उनके परिवार पर पड़ रहा है। उधर बीजेपी नेता अजेंद्र अजय ने कहा कि जो भूमि बेची गयी है उसमें ये सह खातेदार भी है । उक्त ज़मीनों को बाजार भाव की बजाय कौड़ियों में बेचा गया है। और नगद देकर भूमि खरीदी गई है जिससे संदेह पैदा होता है कि भूमि की खरीद फरोख्त में किसी एक एक व्यक्ति या संस्था द्वारा बेनामी संपत्ति खरीदी जा रही है। आगे भी यहां ज़मीन खरीदने की बात कही जा रही है इससे स्थानीय लोगो मे डर व्याप्त हो गया है।
आपको बता दे इससे पूर्व नैनीताल के अधिवक्ता नितिन कार्की ने भी बाहरी लोगों द्वारा नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों में ज़मीन खरीदने के खिलाफ आवाज़ उठाई थी।