नैनीतालः पूर्व केन्द्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद के घर पर आगजनी का मामला! शिकायतकर्ता की तरफ से पेश किया गया समझौता पत्र, हाईकोर्ट ने राकेश व कुंदन को किया बरी
नैनीताल। कांग्रेसी नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद के मुक्तेश्वर के पियुडा घर में लॉक डाउन के दौरान कुछ अज्ञात लोगों द्वारा आगजनी और गोली चलाने के मामले पर सुनवाई करते हुए उत्तराखंड हाईकोर्ट ने आरोपी राकेश कपील व कुंदन चिलवाल को इस आजगनी के केस से बरी करते हुए बड़ी राहत दी है। कोर्ट में कुंदन चिलवाल, राकेश कपील व शिकायत कर्ता सुंदर राम की तरफ से समझौता प्रार्थना पत्र पेश किया गया, जिसके आधार पर कोर्ट ने दोनों के केसों को निस्तारित कर दिया है। कोर्ट में कुंदन चिलवाल, राकेश कपील व शिकायतकर्ता सुंदर राम कोर्ट में व्यक्तिगत रूप से पेश हुए थे। समझौता प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि वे इस वारदात में शामिल नही थे। कुछ लोगों द्वारा राजनैतिक कारणों के चलते इस घटना को अंजाम दिया गया। हम लोगों को इस मामले में गलत फंसाया गया है जबकि इस केस से उनका कोई लेना देना नही है।
आपकों बता दे कि 15 नवम्बर 2021 को लॉक डाउन के दौरान सलमान खुर्शीद के मुक्तेश्वर घर मे कुछ लोगों द्वारा आगजनी, तोड़फोड़ व गोलीबारी की थी जिसकी वजह से उनके घर का काफी नुकसान हो गया था। केयर टेकर सुंदर राम की तहरीर पर पुलिस द्वारा कुंदन चिलवाल, राकेश कपील व अन्य लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया। पूर्व में कोर्ट ने दोनों की गिरफ्तारी पर रोक लगाई थी।