नैनीतालः भीमताल में विराट हिंदू सम्मेलन! मातृशक्ति ने निकाली भव्य कलश यात्रा, धर्म, संस्कृति और आस्था का दिखा अद्भुत संगम
भीमताल। भीमताल में आज धर्म, संस्कृति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। यहां विराट हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। इसको लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह, भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना रहा। नगर धार्मिक जयकारों और भक्ति गीतों से गुंजायमान रहा। सम्मेलन की शुरुआत मातृशक्ति द्वारा पावन कलश यात्रा से हुई, जिसका शुभारंभ कैचूला देवी मंदिर से किया गया। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने भक्ति गीतों और जयकारों के साथ नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए रामलीला ग्राउंड, मल्लीताल तक भव्य शोभायात्रा निकाली। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। इसके उपरांत सम्मेलन का विधिवत शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में पूज्य गौरांगी जी महाराज का दिव्य सान्निध्य और आशीर्वचन प्राप्त हुआ। अपने प्रेरक संबोधन में उन्होंने धर्म, संस्कृति और सामाजिक जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे सनातन मूल्यों को आत्मसात करें और समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाएं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मातृशक्ति, वरिष्ठ नागरिक, युवा वर्ग और क्षेत्रीय श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन समिति द्वारा सुरक्षा और व्यवस्थाओं के व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिसके चलते कार्यक्रम शांतिपूर्णए सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। आयोजकों ने इस मौके पर कहा कि यह सम्मेलन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना को भी नई दिशा देने वाला सिद्ध हुआ।