• Home
  • News
  • Nainital: A wave of faith surged at the Naina Devi Temple on Mahashivratri! Chants of "Har Har Mahadev" echoed, and devotees were filled with enthusiasm.

नैनीतालः महाशिवरात्रि पर नयना देवी मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब! गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे, भक्तों में उत्साह

  • Awaaz Desk
  • February 15, 2026 07:02 AM
Nainital: A wave of faith surged at the Naina Devi Temple on Mahashivratri! Chants of "Har Har Mahadev" echoed, and devotees were filled with enthusiasm.

नैनीताल। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर सरोवर नगरी नैनीताल भक्ति और आस्था में सराबोर नजर आई। प्रसिद्ध नयना देवी मंदिर परिसर में सुबह से ही भोलेनाथ के भक्तों का तांता लगा हुआ है। शिवरात्रि की पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालु लंबी कतारों में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते दिखाई दिए। भक्त भगवान शिव का दूध और गंगाजल से जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि और मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना कर रहे हैं। स्थानीय लोगों के साथ-साथ बड़ी संख्या में देश-विदेश से पहुंचे पर्यटक भी इस धार्मिक आयोजन का हिस्सा बने। मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा। मान्यता है कि यहां माता सती की बाईं आंख गिरने से नैनी झील का निर्माण हुआ था, जिस कारण इस स्थल का धार्मिक महत्व और भी बढ़ जाता है। ऐसे में शिवरात्रि के दिन यहां पूजा-अर्चना का विशेष फल माना जाता है। सुबह से ही शिवलिंग पर दूध और जल चढ़ाने का सिलसिला लगातार जारी है। श्रद्धालुओं का कहना है कि नैनीताल आकर भोलेनाथ के दर्शन करना उनके लिए आध्यात्मिक और भावनात्मक अनुभव है। प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा और व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि श्रद्धालु सुगमता से दर्शन कर सकें। महाशिवरात्रि के अवसर पर नैनीताल का नयना देवी मंदिर आस्था, श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत केंद्र बना हुआ है।


संबंधित आलेख: