नैनीतालः नए साल पर मां नयना देवी मंदिर और कैंचीधाम में उमड़ा आस्था का सैलाब! खूबसूरत वादियों ने मोहा पर्यटकों का मन
नैनीताल। थर्टी फस्ट के मौके पर नैनीताल पहुंचे पर्यटकों ने आज साल के पहले दिन मां नयना देवी के दर्शन और पूजा-अर्चना कर नए साल की शुरूआत की। नए साल की सुबह से ही मां नयना देवी मंन्दिर में पूजा-अर्चना के लिए लोगों का तांता लगा रहा। वहीं कैंची धाम में भी बाबा नीब करौली महाराज के दर्शनों के लिए भी श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। बता दें कि नैनीताल की नयना देवी के प्रति लोगों की अपार आस्था है। कहा जाता है कि मां के दरबार से आज तक कोई भी खाली हाथ नही गया। इसी मान्यता के चलते नैनीताल आने वाले पर्यटक यहां मां के दरबार में मत्था टेकने जरूर आते हैं। वहीं नए साल पर पर्यटकों ने घुड़सवारी का लुत्फ भी उठाया। गौरतलब है कि इन दिनों देश के अलग-अलग राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक नैनीताल पहुंचे हैं। जिसके चलते होटल, होमस्टे और पर्यटन स्थल गुलज़ार हो उठे है। दोपहर में गुनगुनी धूप और खूबसूरत वादियों का सैलानी लुफ्त उठाते नजर आए। हिमालय दर्शन, लवर्स पॉइंट सहित अन्य पर्यटक स्थलों में सैलानियों की आमद से पर्यटन कारोबार से जुड़े व्यवसायियों के चेहरे भी खिले हुए हैं।