• Home
  • News
  • Nainital: Administration tightens its back regarding the tourist season! Kumaon commissioner inspected the city and gave necessary guidelines to the officers

नैनीतालः पर्यटन सीजन को लेकर प्रशासन ने कसी कमर! कुमाऊं आयुक्त ने शहर का निरीक्षण कर अधिकारियों को दिए जरूरी दिशा-निर्देश

editor
  • Awaaz Desk
  • May 02, 2022 10:05 AM
Nainital: Administration tightens its back regarding the tourist season! Kumaon commissioner inspected the city and gave necessary guidelines to the officers

नैनीताल। पर्यटन सीजन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज हो चली हैं। लगातार अधिकारी तैयारियों की समीक्षा करते हुए शहरों का निरीक्षण कर रहे हैं, ताकि पर्यटकों को असुविधा का सामना न करना पड़े और यातायात व्यवस्था बनी रही। इसी क्रम में आज कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने नैनीताल में माल रोड, पंत पार्क, गाड़ी पड़ाव व घोडा स्टैण्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश देते हुए सभी व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद करने को कहा। निरीक्षण के लिए कुमाऊं आयुक्त रावत सबसे पहले तल्लीताल गांधी चौक पहुंचे। इसके बाद वह माल रोड होते हुए पंत पार्क पर गए। यहां पंत पार्क में क्षमता से अधिक फड़ लगे होने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए पालिका के अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया। उन्होंने पार्क की सफाई व्यवस्था को लेकर भी निर्देश दिए। यहां से वह रिक्शा स्टैंड पर पहुंचे। यहां उन्होंने निर्माणाधीन कार्य को देखते हुए निर्माण कार्य रुके होने व निर्माण सामग्री सड़क में पड़े होने पर भी नाराजगी जताई। वहीं मंडलायुक्त रावत  गाड़ी पड़ाव पहुंचे, जहां उन्होंने कट्टों में भरी निर्माण सामग्री को तत्काल हटाने को कहा। कुमाऊ आयुक्त रावत ने बारापत्थर घोड़ा स्टैंड का भी मुवायना किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि इस समय पर्यटन सीजन चल रहा है, देश-विदेशों से लोग यहां घूमने पहुंचते हैं। ऐसे में पर्यटकों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े इसके लिए पहले से तैयारी करके रखें। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी हमें प्लानिंग करनी होगी। निरीक्षण के दौरान सचिव झील विकास प्राधिकरण पंकज उपाध्याय, ईओ अशोक वर्मा सहित कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।


संबंधित आलेख: