नैनीतालः बढ़ती महंगाई के खिलाफ भोजनमाताओं का धरना-प्रदर्शन! बोलीं- कम मानदेय और समय पर भुगतान नहीं होने से परिवार का खर्च उठाना हुआ मुश्किल
नैनीताल। बढ़ती महंगाई के खिलाफ भोजनमाताओं ने दीनदयाल पार्क में धरना-प्रदर्शन कर नारेबाजी की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री से आवश्यक खाद्य वस्तुओं, रसोई गैस और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर अंकुश लगाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन में भोजनमाताओं की आर्थिक स्थिति का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बच्चों के लिए भोजन तैयार करने वाली भोजनमाताओं को बेहद कम मानदेय मिलता है। कई बार भुगतान भी समय पर नहीं होता। ऐसे में लगातार बढ़ती महंगाई के बीच परिवार का राशन, रसोई गैस, बच्चों की पढ़ाई और दवाइयों का खर्च उठाना मुश्किल हो गया है। ज्ञापन में कहा गया कि खाद्य वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी और पैकेटों में घटती मात्रा से आम उपभोक्ताओं पर दोहरी मार पड़ रही है। इसका सीधा असर गरीब और मेहनतकश परिवारों की रसोई, बच्चों के पोषण और महिलाओं के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर रोक लगाने, सार्वजनिक वितरण प्रणाली को मजबूत कर जरूरतमंद परिवारों को पर्याप्त और गुणवत्तापूर्ण राशन उपलब्ध कराने तथा मजदूरों और कर्मचारियों के वेतन एवं भोजनमाताओं के मानदेय में महंगाई के अनुरूप वृद्धि करने की मांग की।