नैनीतालः बाइक सवार ने मारी टक्कर! असंतुलित होकर भीमताल झील में गिरा यूपी का पर्यटक, बाल-बाल बची जान
नैनीताल। भीमताल में मोटर साइकिल सवार ने पर्यटक को टक्कर मारकर झील में गिरा दिया। इस दौरान पर्यटक को बमुश्किल बोट से बचाया गया। वहीं पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया है। जानकारी के मुताबिक भीमताल के तल्लीताल क्षेत्र में बुलंदशहर से आए स्कूली पर्यटकों का एक दल घूम रहा था। इस दौरान भीमताल डैम के समीप घूम रहे दल के शिक्षक को तेज रफ्तार से आई एक बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वो सीधे गहरी झील में जा गिरे। हादसा होते ही वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने एक बोट चालक व उसके साथी को मौके पर पहुंचने को कहा और रैस्क्यू कार्य शुरू हो गया। पर्यटक यूपी के बुलंदशहर से एक स्कूल दल के साथ भीमताल घूमने आए थे। भीमताल झील की डांठ में टीचर और बच्चे झील किनारे फोटोग्राफी कर रहे थे। अचानक बाइक से लगी टक्कर से शिक्षक अपना संतुलन खो बैठा और सीधे झील में गिर गया जिन्हें स्थानीय लोगों ने सकुशल बाहर निकल लिया। सूचना के बाद मौके पर आई पुलिस ने स्थानीय युवक को पकड़ लिया और थाने ले गई। बुलंदशहर के पर्यटकों ने स्थानीय बाइक सवार युवक पर लापरवाही से बाइक चलाते हुए कई लोगों को टक्कर मारने के गंभीर आरोप लगाए हैं।