नैनीताल नगर कांग्रेस अध्यक्ष अनुपम कबड़वाल का इस्तीफा! बोले- सर्वसम्मति से चुना जाए नया अध्यक्ष
नैनीताल। नैनीताल में कांग्रेस संगठन को लेकर आज एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की नैनीताल नगर इकाई के अध्यक्ष अनुपम कबड़वाल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। वे पिछले कई वर्षों से नगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा रहे थे। कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान अनुपम कबड़वाल ने कहा कि वे व्यक्तिगत कारणों से अपने पद से इस्तीफा दे रहे हैं। उन्होंने पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अध्यक्ष पद पर कार्य करने के दौरान उन्हें जो अवसर मिले और पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया, उसके लिए वे सदैव कृतज्ञ रहेंगे। उन्होंने नैनीताल विधानसभा में संगठन की स्थिति पर भी अपनी बात रखी। उनका कहना था कि नेतृत्वविहीन स्थिति में भी कांग्रेस ने क्षेत्र में अपनी सक्रियता बनाए रखी है। अब समय आ गया है कि नगर में संगठन को और मजबूत करने के लिए योग्य और सक्रिय उम्मीदवार का चयन किया जाए। अनुपम कबड़वाल ने स्पष्ट कहा कि नया नगर अध्यक्ष सर्वसम्मति से चुना जाना चाहिए, न कि किसी पर जबरन थोपा जाए। उनके इस्तीफे के बाद नगर कांग्रेस की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।