• Home
  • News
  • Nainital: Councilor Jagati wrote a letter regarding the shops allotted by the municipality and the salaries of the employees! Questions raised on the working process, expressed displeasure

नैनीतालः नगर पालिका द्वारा आवंटित दुकानों और कर्मचारियों के वेतन को लेकर सभासद जगाती ने लिखा पत्र! कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल, जताई नाराजगी

editor
  • Awaaz Desk
  • May 08, 2025 07:05 AM
Nainital: Councilor Jagati wrote a letter regarding the shops allotted by the municipality and the salaries of the employees! Questions raised on the working process, expressed displeasure

नैनीताल। नगर पालिका के स्थायी, आउटसोर्स कर्मचारियों का वेतन समय से दिए जाने और नगर पालिका की दुकानों को संबंधित किराएदारों द्वारा अन्य बाहरी व्यक्तियों को दिए जाने के मामले में वार्ड 8, अयारपाटा के सभासद मनोह साह जगाती ने पालिकाध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने कहा कि नगर पालिका द्वारा टोल टैक्स, पार्किंग में स्वयं द्वारा रूपए वसूले जा रहे हैं, जिससे पालिका की आय में बढ़ोत्तरी हो रही है और कर विभाग से भी अच्छी खासी आय नगर पालिका को प्राप्त होती है। उसके बाद भी कर्मचारियों को वर्तमान तक दो माह का वेतन नहीं मिला है। जिसके चलते कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट गहराता जा रहा है। कहा कि वेतन न मिलने के चलते कर्मचारियों को ब्याज पर पैसे उठाने पड़ रहे हैं और कई कर्मचारियों द्वारा बैंकों से लोन लिया गया है, जिसकी किस्तें चुकाने में उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यही नहीं वेतन न मिलने से कर्मचारियों को परिवार की जरूरतें पूरी करने में दिक्कतें हो रही हैं। ऐसे में कर्मचारियों की दिक्कतों को ध्यान में रखते हुए इस समस्या का समाधान तत्काल किया जाना चाहिए। 

वहीं उन्होंने अधिशासी अधिकारी को लिखे पत्र में कहा कि पूर्व में बोर्ड बैठक में पास हुआ था कि नगर पालिका की दुकानें जिन लोगों को आवंटित हुई हैं, अगर उनके द्वारा किसी अन्य को दुकान किराए में या बेची जाती है तो किरायेदारी निरस्त की जायेगी और इसको लेकर एक शासनादेश भी आया था। जिसमें जिलाधिकारी द्वारा नगरपालिका को उचित कार्यवाही के निर्देश दिए थे, लेकिन आज भी उक्त मामले को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। कहा कि अभी तक किसी भी ऐसे किराएदार का आवंटन निरस्त नहीं किया गया है जो उदासीनता दिखाता है। कहा कि ऐसे में नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठते हैं। इसको लेकर आज पालिका के कुछ सभासदों द्वारा धरना भी दिया गया। वहीं चेतावनी दी गयी कि अगर एक सप्ताह के भीतर उचित कार्यवाही नहीं होती है तो बड़ा आंदोलन किया जायेगा। इस दौरान सभासद अंकित चंद्रा, रमेश प्रसाद, राकेश पवार आदि मौजूद रहे। 



संबंधित आलेख: