नैनीतालः समान कार्य का समान वेतन देने की मांग! कुमाऊं मण्डल विकास निगम के संयुक्त कर्मचारी महासंघ ने प्रबंध निदेशक को लिखा पत्र
नैनीताल। कुमाऊं मण्डल विकास निगम के संयुक्त कर्मचारी महासंघ ने प्रबंध निदेशक को लिखे पत्र में तमाम समस्याओं पर चर्चा की है। इस दौरान महासंघ ने गैस प्रबंधक हेम पंत के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि जिस प्रकार से थल सहित विभिन्न क्षेत्र में निगम की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं व कर्मचारियों में आक्रोश है। इस प्रकरण की निगम स्तर से जांच होनी चाहिए। साथ ही महासंघ ने विगत दिनों हुए गैस कक्ष के कर्मचारियों के स्थानांतरण आदेश को निरस्त करने की मांग उठाई है। पत्र में कहा गया है कि निगम प्रशासन द्वारा 3 मार्च 2025 को समाचार पत्र में निकाली गई हाउसकीपिंग संबंधी निविदा को निरस्त किया जाए। कहा गया कि निगम में कार्यरत संविदा कर्मचारियों को भी गढ़वाल मण्डल विकास निगम की तरह समान कार्य का समान वेतन दिया जाए। कहा गया कि पूर्व में हुई वार्ता में वर्ष 2018 के बाद के संविदा कर्मचारियों का मानदेय 3000 बढ़ाने पर सहमति बनी थी, उक्त प्रस्ताव को निदेशक मण्डल की बैठक में पारित किया जाए। साथ ही कहा कि निगम में रिक्त पदों पर विभागीय पदोन्नति की जाए। चतुर्थ से तृतीय श्रेणी में विभागीय प्रमोशन वरीयता के आधार पर किए जाएं। कहा कि संविदा में कार्यरत जिन कर्मचारियों की मृत्यु हो गई थी उनके आश्रितों को भी संविदा मंे रखा जाए। कहा कि पूर्व में हुई सहमति के तहत निगम में कार्यरत, सेवानिवृत कर्मचारियों को सातवें वेतनमान के एरियर का भुगतान किया जाए व लंबित महंगाई भत्ते के ऐरियर के साथ अन्य लंबित देयकों का भी भुगतान किया जाए। इसी के साथ पत्र में तमाम समस्याओं के समाधान की मांग की गई है।