नैनीतालः सहकारिता सम्मेलन में शिक्षामंत्री का बड़ा बयान! प्रत्येक जिले से एक-एक किसान को भेजा जायेगा विदेश, अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश
नैनीताल। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने आज नैनीताल भ्रमण के दौरान राज्य अतिथि गृह शैले हॉल में सहकारिता सम्मेलन में प्रतिभाग करते हुए सहकारिता के अध्यक्ष, सचिव, डायेक्टर सम्बन्धित ब्रान्चों के शाखा प्रबन्धकों से सहकारी समिति की विस्तृत रूप से जानकारी एवं सुझाव लिये। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री का सपना है कि अन्तिम छोर पर खडे़ व्यक्तियों तक केन्द्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचे, जिसके लिए सभी को आपस में ताल-मेल बनाकर कार्य करने की जरूर है। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों के समय सहकारिता समितियां 56 करोड़ के घाटे में थी। जब से देश के प्रधानमंत्री व सीएम के नेतृत्व में कार्य किया जा रहा है तब से 150 करोड़ के मुनाफे में चल रहा है। उन्होंने कि आज गांव का प्रत्येक व्यक्ति सहकारिता विभाग के बारे जानकारी रखता है क्योंकि इन विगत पांच सालों में सहकारिता विभाग ने बहुत सराहनीय कार्य किया है जिसका उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों व पदाधिकारियों को धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि पं दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना के अन्तर्गत हमारी सरकार द्वारा अभी तक सवा छः लाख किसानों को जीरो प्रतिशत ऋण उपलब्ध कराया गया है साथ ही लगभग चार हजार से अधिक समूह को जीरो प्रतिशत पर पॉच.पॉच लाख ऋण उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुनी हो, उनका जीवन स्तर उठे एवं उन्नत किस्म की खेती करें जिसके लिए प्रत्येक जिले से एक-एक किसानों को विदेशों में भेजा जायेगा। जहां वे उन्नति खेती के बारे में जानकारी लेंगे ताकि हमारा किसान वहां से कृषि के क्षेत्र में उन्नत जानकारी हासिल कर सके। इस अवसर पर विधायक सरिता आर्या, जिला अध्यक्ष प्रदीप बिष्ट, जिला सहकारिता बैंक के अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह नेगी, महाप्रबन्धक पीसी दुम्का, डीआर मनोहर सिंह मर्तोलिया, बैंक रजिस्टार एमपी त्रिपाठी, बलवंत सिंह, विरला बिष्ट के साथ ही सहकारिता समिति के अध्यक्ष सचिव, डायेक्टर व ब्रान्च मैनेजर एंव जनप्रतिनिधि, कृषक आदि उपस्थित थे।