नैनीतालः बर्फबारी का असर! ठण्ड से ठिठुरे पर्यटक, प्रशासन ने किए खास इंतजाम
नैनीताल। उत्तरी भारत में कड़ाके की ठंड पड़नी शुरू हो गई है। हिमाचल श्रीनगर और उत्तराखंड सहित नैनीताल में हुई बर्फबारी का असर पर्वतीय इलाकों में साफ दिखाई दे रहा है। नैनीताल में भी ठंड ने पूरी तरह दस्तक दे दी है। कड़ाके की ठंड से बचने के लिये लोगों को यहां आग का सहारा लेना पड़ रहा है। खासकर बाहर से आये सैलानियों को नैनीताल की ठंड बेहद परेशान कर रही है। अपने चिरपरिचित अंदाज में नैनीताल का मौसम अब पूरी तरह ठंड की आगोश में चला गया है। शहर में इस वक्त कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ठंड से बचने के लिये लोग आग और गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं। दिन के वक्त जहां शहर में धूप आ रही है वहीं सुबह और शाम तापमान 2 और तीन डिग्री तक लुढ़क रहा है, इससे लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इधर नगर पालिका ने ठंड के चलतें अलग-अलग जगहों पर अलाव जलाने की व्यवस्था की है। जिलाधिकारी ने बताया कि कड़ाके की ठंड को देखते हुए इस वर्ष पर्याप्त मात्रा में लकड़ी का इंतजाम किया गया है। इस बीच बर्फबारी का लुत्फ उठाने के लिए पर्यटक खासी संख्या में सरोवर नगरी पहुंच रहे हैं।