• Home
  • News
  • Nainital in a state of panic: A suspicious email threatens to bomb the district court! RDX and IEDs are claimed, police on alert

नैनीताल में हड़कंपः जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी वाला संदिग्ध ईमेल! आरडीएक्स और आईईडी लगाने का दावा, पुलिस महकमा अलर्ट

  • Awaaz Desk
  • February 16, 2026 06:02 AM
Nainital in a state of panic: A suspicious email threatens to bomb the district court! RDX and IEDs are claimed, police on alert

नैनीताल। नैनीताल से एक बड़ी खबर सामने आई है, यहां जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के मामले से पुलिस और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। जानकारी के मुताबिक  न्यायालय को एक संदिग्ध ईमेल प्राप्त हुआ है, जिसमें अदालत परिसर में आरडीएक्स और आईईडी लगाए जाने का दावा किया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं। अज्ञात ईमेल आईडी से भेजे गए इस मेल में दावा किया गया है कि कोर्ट परिसर में 12 आरडीएक्स आधारित आईईडी लगाए गए हैं, जो दोपहर करीब 12ः15 बजे विस्फोट कर सकते हैं। ईमेल में ईडब्ल्यूएस आरक्षण का भी उल्लेख किया गया है। ईमेल में प्रतिबंधित संगठन एलटीटीई तथा पाकिस्तान आईएसआई का नाम भी लिखा गया है। हालांकि सुरक्षा एजेंसियां इस मेल की सत्यता की जांच कर रही हैं और इसे शरारती तत्वों की करतूत होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद नैनीताल में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। साथ ही इस ईमेल की शिकायत एसएसपी को भी की गई है। फिलहाल पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड द्वारा न्यायालय परिसर व आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार ईमेल भेजने वाले की पहचान और लोकेशन का पता लगाने के लिए साइबर टीम को लगाया गया है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।


संबंधित आलेख: