नैनीताल:मंडलायुक्त दीपक रावत के समक्ष माँ नयना देवी व्यापार मंडल की कार्यकारिणी समिति ने रखी शहर की विभिन्न परेशानियों और व्यापारियों की दिक्कतों को
माँ नयना देवी नैनीताल व्यापार मंडल की कार्यकारिणी ने आज आयुक्त कुमाऊँ मण्डल दीपक रावत से शिष्टाचार मुलाक़ात कर शहर की विभिन्न परेशानियों और व्यापारियों की दिक्कतों और निवारण पर चर्चा करी।
शिष्टमंडल द्वारा प्रमुखता से नैनीताल के पास शमशान घाट की सड़क से घाट तक के पूरे रास्ते में वाहन ले जाने हेतु समाधान करवाने पर आग्रह किया गया तथा कुछ माह पूर्व माँ नयना देवी नैनीताल व्यापार मंडल द्वारा राज्यपाल से इस विषय पर बात होने और राज्यपाल सचिवालय द्वारा नैनीताल ज़िला प्रशासन से पत्र व्यवहार के बारे में भी अवगत कराया। इसके अलावा कोविड के हालातों से जूझते व्यापारी की मुश्किलें और नैनीताल की जग ज़ाहिर पार्किंग की जटिल समस्या हेतु समाधान करवाने पर भी बात की गई। व्यापार मंडल द्वारा नैनीताल फ़्लैटस को कुछ ख़ास समय जैसे आने वाले क्रिसमस और नव वर्ष और वीकेंड में पार्किंग हेतु सुविधा के लिए दोबारा से खुलवाए जाने पर भी चर्चा हुई । साथ ही कुछ इच्छुक व्यक्तिगत भू स्वामियों द्वारा पार्किंग के लिए जगह देने के लिए सहज प्रणाली के तहत प्रक्रिया और उसके उपाय पर भी चर्चा की गई। व्यापार मंडल द्वारा आने वाले क्रिसमस और नव वर्ष में पर्यटकों के लिए कुछ अच्छी यादों को ले जाने हेतु आकर्षक लाइटिंग आदि और हल्के म्यूज़िक की व्यवस्था हेतु भी आग्रह किया गया। इन सुझावों पर आयुक्त द्वारा सराहना की गयी।
मंडलायुक्त द्वारा सभी बातों पर गम्भीरता से विचार और निवारण का आश्वासन तथा इन बातों पर सम्पर्क बनाए रखने का आश्वासन दिया गया।
बैठक में माँ नयना देवी नैनीताल व्यापार के उपाध्यक्ष तरुण कांडपाल, सचिव शिव शंकर मजूमदार, कोषाध्यक्ष अमरप्रीत सिंह और अध्यक्ष पुनीत टंडन शामिल रहे।