नैनीतालः पंचायत चुनाव! आपात स्थिति को लेकर निर्वाचन आयोग ने बनाया ये प्लान
नैनीताल। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी अधिसूचना अनुसार त्रिस्तरीय पंचायतों के सदस्य ग्राम पंचायत, प्रधान ग्राम पंचायत, सदस्य क्षेत्र पंचायत तथा सदस्य जिला पंचायत के निर्वाचन हेतु समय-सारणी निर्धारित की गयी है, जिसके अनुरूप निर्वाचन प्रक्रिया गतिमान है। प्रथम चक्र का मतदान 24 जुलाई एवं द्वितीय चक्र का मतदान 28 जुलाई, 2025 को संपन्न होना है। पंचायत राज नियमावली में आपात स्थिति में मतदान स्थगन का प्राविधान निर्धारित किया गया है और तद्नुसार आयोग द्वारा जारी पीठासीन अधिकारियों की निर्देश पुस्तिका-2025 के अध्याय-14 में भी व्यवस्था दी गयी है। इस सम्बन्ध में आवश्यक जानकारी देते हुए जिलाधिकारी वंदना ने अवगत कराया कि उपरोक्तानुसार मतदान तिथियों में जिले के किन्ही क्षेत्रों में आपात स्थिति में मतदान स्थगन की स्थिति बनती है तो ऐसे स्थगित मतदान का पुनर्मतदान कराये जाने की व्यवस्था हेतु राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्देशानुसार प्रथम चक्र में 24 जुलाई को स्थगित मतदान का पुनर्मतदान 28 जुलाई को प्रातः 08 बजे से सांय 05 बजे तक तथा द्वितीय चक्र में 28 जुलाई को स्थगित मतदान का पुनर्मतदान 30 जुलाई को प्रातः 08 बजे से सांय 05 बजे तक कराया जायेगा।