नैनीतालः पालिका के स्थायी और आउटसोर्स कर्मचारियों को नहीं मिला वेतन! सभासद जगाती ने लिखा पत्र, रखी समस्याएं
नैनीताल। नगर पालिका के स्थायी और आउटसोर्स कर्मचारियों का वेतन समय से दिए जाने की मांग को लेकर वार्ड 8 अयारपाटा के सभासद मनोह साह जगाती ने अधिशासी अधिकारी और पालिकाध्यक्ष को एक पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने कहा कि नगर पालिका द्वारा टोल टैक्स, पार्किंग में स्वयं द्वारा रूपए वसूले जा रहे हैं, जिससे पालिका की आय में बढ़ोत्तरी हो रही है और कर विभाग से भी अच्छी खासी आय नगर पालिका को प्राप्त होती है। उसके बाद भी कर्मचारियों को वर्तमान तक दो माह का वेतन नहीं मिला है। जिसके चलते कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट गहराता जा रहा है। कहा कि वेतन न मिलने के चलते कर्मचारियों को ब्याज पर पैसे उठाने पड़ रहे हैं और कई कर्मचारियों द्वारा बैंकों से लोन लिया गया है, जिसकी किस्तें चुकाने में उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यही नहीं वेतन न मिलने से कर्मचारियों को परिवार की जरूरतें पूरी करने में दिक्कतें हो रही हैं। ऐसे में कर्मचारियों की दिक्कतों को ध्यान में रखते हुए इस समस्या का समाधान तत्काल किया जाना चाहिए।