• Home
  • News
  • Nainital: Politics heats up over MNREGA! Congress protests in Bhimtal, warns government

नैनीतालः मनरेगा को लेकर गरमाई सियासत! भीमताल में कांग्रेस का प्रदर्शन, सरकार को दी चेतावनी

  • Awaaz Desk
  • February 06, 2026 09:02 AM
Nainital: Politics heats up over MNREGA! Congress protests in Bhimtal, warns government

नैनीताल। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना यानी मनरेगा को लेकर प्रदेश में सियासत तेज हो गई है। मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत आज नैनीताल जिले के भीमताल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर मनरेगा को कमजोर करने और मजदूर विरोधी फैसले लेने का आरोप लगाया है। भीमताल विकास भवन के बाहर आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन कर प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि भाजपा सरकार मनरेगा योजना के नाम और स्वरूप को बदलकर इसे धीरे-धीरे खत्म करने की साजिश कर रही है। उनका आरोप है कि सरकार की नीतियों के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में मजदूरों को समय पर काम नहीं मिल पा रहा है, जिससे उनकी आजीविका पर सीधा असर पड़ रहा है। धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल ने कहा कि मनरेगा गरीब, मजदूर और ग्रामीण जनता के लिए एक जीवनरेखा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार मजदूरों का शोषण करने का काम कर रही है और मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजना को कमजोर किया जा रहा है। राहुल छिमवाल ने साफ कहा कि कांग्रेस इस फैसले को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेगी और जरूरत पड़ी तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द निर्णय वापस नहीं लिया, तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर व्यापक आंदोलन करेगी। कुल मिलाकर मनरेगा को लेकर प्रदेश में राजनीतिक माहौल गरमाता जा रहा है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर आंदोलन और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।


संबंधित आलेख: