नैनीताल यौन शोषण मामला: आरोपी नरेश पांडे को अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा! अस्पताल से उपचार के बाद हुई पेशी
नैनीताल। भवाली के चर्चित यौन शोषण मामले में आरोपी नरेश पांडे को बुधवार को उपचार के बाद अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मंगलवार देर रात पुलिस कार्रवाई के दौरान तबीयत बिगड़ने पर उन्हें पहले बी.डी. पांडे जिला अस्पताल ले जाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां उपचार के उपरांत बुधवार को न्यायालय में पेशी कराई गई।
गौरतलब है कि मंगलवार देर रात पुलिस नरेश पांडे को पूछताछ और अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए उनके भवाली स्थित आवास से अपने साथ लेकर गई थी। इस दौरान नरेश पांडे ने फेसबुक लाइव आकर पुलिस पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने दावा किया था कि पुलिस बिना वारंट उनके घर पहुंची और उनके परिवार के साथ अभद्रता की। वीडियो में उन्होंने फिनाइल पीने का भी दावा किया था, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई थी।
उधर, नैनीताल पुलिस का कहना है कि नरेश पांडे दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग, रंगदारी और युवती का गर्भपात कराने जैसे गंभीर आरोपों में नामजद एवं वांछित आरोपी हैं। पुलिस के अनुसार विवेचना के दौरान महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं, जिनके आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं मामले में नरेश पाण्डे के अधिवक्ता का कहना है कि वह जमानत के लिए कोर्ट में अपील करेंगे।