नैनीतालः वर्षों से स्थापित ऐतिहासिक महात्मा गांधी की प्रतिमा हटाई! जानें क्या है वजह?

नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में वर्षों से स्थापित ऐतिहासिक महात्मा गांधी की प्रतिमा को सड़क चौड़ीकरण के क्रम में लोक निर्माण विभाग की तरफ से सम्मान पूर्वक हटाया गया। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता रत्नेश सक्सेना ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रही गांधी प्रतिमा को सुरक्षित तरीके से हटाया गया है। उन्होंने कहा कि मूर्ति की मेंटीनेंस के पश्चात शीघ्र ही तल्लीताल क्षेत्र में किसी उपयुक्त स्थान पर पुनः स्थापित किया जाएगा। प्रतिमा को हटाने की कार्रवाई जेसीबी मशीन की मदद से की गई, ताकि ऐतिहासिक और भावनात्मक महत्व से जुड़ी इस मूर्ति को कोई क्षति न पहुंचे। बता दें कि गांधी जी प्रतिमा कई दशकों से तल्लीताल चौराहे की पहचान बनी हुई थी। पूर्व में जब प्रतिमा हटाने की बात सामने आई थी, तब स्थानीय लोगों ने इसका विरोध भी किया था। प्रशासन द्वारा नगरवासियों को भरोसा दिलाया गया है कि महात्मा गांधी की प्रतिमा को सम्मानपूर्वक एक नए स्थान पर स्थापित किया जाएगा। जिसके बाद आज ऐतिहासिक विरासत और गांधीजी की प्रतिमा को हटाया गया।