नैनीताल:डीआईजी तक का ख़ौफ़ नही चोरों को,डीआईजी आवास के करीब चोरी कर जलाई दुकान
सरोवर नगरी नैनीताल में चोरों के हौसले इतने बुलंद हो चुके है कि डीआईजी आवास के पास दुकान में चोरी और आगजनी कर दुकान से करीब ₹50000 से अधिक का सामान और करीब ₹4000 की नगदी चुरा कर चोर नौ दो ग्यारह हो गए। ये घटना बीती रात अयार पाटा क्षेत्र में नैनी रिट्रीट होटल के पास हुई। ये दुकान दीप्ति जोशी की है,उन्होंने आगामी पर्यटन सीजन के मद्देनजर दो-तीन दिन पहले ही करीब ₹50000 का सामान खरीद कर दुकान में रखा था, लेकिन चोरों के बुलंद हौसलों ने डीआईजी तक की चिंता नहीं की और उस दुकान से चोरी कर दुकान का ताला तोड़ दिया और वहां आग भी लगा दी। क्षेत्रीय सभासद मनोज शाह जगाती ने डीआईजी आवास के पास इस तरह चोरी की घटना पर चिंता व्यक्त की है, उन्होंने कहा कि चोरों के हौसले दिन पर दिन बुलंद होते जा रहे हैं उन्हें ना तो पुलिस का खौफ है ना ही उन्हें खुद के पकड़े जाने का डर। वही मल्लीताल कोतवाल ने मीडिया को बताया कि ये घटना आपसी रंजिश की वजह से सम्भव हो सकती है। कोतवाल ने कहा कि गुटके के पैकेट जलाए गए हैं, मामले की जांच की जा रही है। शिकायत मिलने पर दुकान में नुकसान पर भारतीय दंड संहिता की धारा 427 के तहत मामला दर्ज किया जाएगा।