नैनीतालः वन्यजीव सप्ताह कार्यक्रम! मैराथन में दौड़े युवा, होंगे तमाम कार्यक्रम
नैनीताल। देशभर में आज से वन्यजीव सप्ताह हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। सरोवर नगरी नैनीताल में कार्यक्रम के तहत वन विभाग, चिड़ियाघर प्रबंधन द्वारा स्कूली छात्र-छात्राओं समेत स्थानीय लोगों के लिए 12 किलोमीटर की मैराथन का आयोजन किया गया। मैराथन को डिप्टी डायरेक्टर स्वाती मेहरा द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जो नैनीताल की मॉल रोड होते हुए पाइंस तक गई और वापस मल्लीताल पंत पार्क पर आकर समाप्त हुई। नैनीताल ज़ू की डिप्टी डायरेक्टर स्वाती मेहरा ने बताया कि चिड़ियाघर में सप्ताह भर तक विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें स्कूली बच्चों के लिए क्विज, चित्रकला प्रतियोगिता, बर्ड वाचिंग के कार्यक्रम किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बढ़ती जनसंख्या और विकास के चलते वन्यजीवों के प्राकृतिक स्थलों में हस्तक्षेप के कारण वन्यजीव और मानव में संघर्ष बढ़ता जा रहा है, जिसे हमें समझना होगा, तभी हम वन्यजीव और मानव के बीच बढ़ते संघर्ष को कम कर सकते हैं।