उर्मिला सनावर पर नया मामलाः देहरादून में केस दर्ज! आरती गौड़ ने लगाए गंभीर आरोप, छवि धूमिल करने से लेकर बुलडोजर धमकी तक हड़कंप
देहरादून। एक्ट्रेस उर्मिला सनावर एक बार फिर विवादों में घिर गई हैं। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट और छवि धूमिल करने के आरोप में उनके खिलाफ थाना नेहरू कॉलोनी में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई मोथरोवाला चौक निवासी आरती गौड़ की शिकायत के आधार पर की गई है, जिन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की थी। पीड़िता आरती गौड़ ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि सहारनपुर निवासी उर्मिला सनावर लगातार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के जरिए उनके खिलाफ अभद्र और आपत्तिजनक पोस्ट कर रही हैं। आरती गौड़ का कहना है कि उर्मिला सनावर ने उनका मोबाइल नंबर भी सार्वजनिक कर दिया, जिसके बाद उन्हें अज्ञात लोगों से लगातार फोन कॉल और धमकियां मिल रही हैं। आरती गौड़ ने यह भी आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए लोगों को उनके खिलाफ भड़काया जा रहा है। इतना ही नहीं, कुछ पोस्ट में उनके घर पर बुलडोजर चलाने जैसी बातें भी कही गई हैं। इस पूरे घटनाक्रम से उनकी सामाजिक और राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचा है और उनके भीतर भय का माहौल बन गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने उर्मिला सनावर के खिलाफ थाना नेहरू कॉलोनी में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि उर्मिला सनावर पहले भी चर्चाओं में रह चुकी हैं। वह खुद को बीजेपी के निष्कासित पूर्व विधायक सुरेश राठौर की पत्नी बताती हैं। उन्होंने कुछ समय पहले एक कथित ऑडियो जारी किया था, जिसमें उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकाण्ड को लेकर बातचीत होने का दावा किया गया था। इस ऑडियो के सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति में भी हलचल मच गई थी। उर्मिला सनावर ने उस दौरान आरती गौड़ और सुरेश राठौर पर भी कई गंभीर आरोप लगाए थे। ऑडियो में यह दावा किया गया था कि अंकिता भंडारी हत्याकांड के मुख्य आरोपी पुलकित आर्या के रिजॉर्ट को गिराने में आरती गौड़ की भूमिका थी। हालांकि इन सभी आरोपों को आरती गौड़ ने सिरे से खारिज किया था और निष्पक्ष जांच की मांग की थी। बताया जा रहा है कि सुरेश राठौर ने भी उर्मिला सनावर के खिलाफ पहले मुकदमा दर्ज कराया है। इस पूरे मामले के बाद से उर्मिला लगातार विवादों में बनी हुई हैं। फिलहाल अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच केंद्रीय एजेंसी द्वारा की जा रही है, जबकि इस नए मामले में पुलिस सोशल मीडिया गतिविधियों और साक्ष्यों की जांच में जुटी है। पुलिस अब सोशल मीडिया पोस्ट, कॉल डिटेल्स और अन्य डिजिटल सबूतों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या इस मामले में और लोग भी शामिल हैं।