• Home
  • News
  • New heads for Uttarakhand energy corporations: PC Dhyani becomes UPCL MD, AK Singh takes charge of UJVNL; orders to be issued today.

उत्तराखंड ऊर्जा निगमों को मिले नए बॉस: पीसी ध्यानी बने यूपीसीएल के एमडी, यूजेवीएनएल की कमान एके सिंह को, आज जारी होंगे आदेश

editor
  • Tapas Vishwas
  • July 02, 2026 08:07 AM
New heads for Uttarakhand energy corporations: PC Dhyani becomes UPCL MD, AK Singh takes charge of UJVNL; orders to be issued today.

देहरादून। उत्तराखंड के ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ी इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। राज्य के प्रमुख ऊर्जा निगमों यूपीसीएल और यूजेवीएनएल में लंबे समय से चली आ रही प्रभारी व्यवस्था आखिरकार खत्म हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अंतिम अनुमोदन के बाद दोनों निगमों को पूर्णकालिक प्रबंध निदेशक मिल गए हैं। पीसी ध्यानी को उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड का नया एमडी नियुक्त किया गया है, जबकि एके सिंह को उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।

ऊर्जा निगमों में शीर्ष पदों पर स्थायी नियुक्ति के लिए शासन स्तर से विज्ञप्ति जारी की गई थी, जिसके बाद कुल 18 योग्य अधिकारियों ने आवेदन किया था। शासन द्वारा शॉर्टलिस्ट किए गए 16 आवेदकों को साक्षात्कार (इंटरव्यू) के लिए बुलाया गया था।  बुधवार को सचिवालय में आयोजित उच्च स्तरीय चयन समिति के सामने 14 दिग्गजों ने अपनी दावेदारी पेश की और अपना प्रेजेंटेशन दिया। प्रमुख सचिव (ऊर्जा) डॉ. आर मीनाक्षी सुंदरम ने चयन प्रक्रिया की पुष्टि करते हुए बताया कि साक्षात्कार के बाद तैयार किए गए पैनल पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपना अनुमोदन (मंजूरी) दे दिया है। इस नियुक्ति से जुड़े आधिकारिक और औपचारिक आदेश आज ही जारी कर दिए जाएंगे। उत्तराखंड के ये दोनों ऊर्जा निगम पिछले काफी समय से परमानेंट एमडी न होने के कारण प्रभारी व्यवस्था के भरोसे चल रहे थे, जिससे कई बड़े नीतिगत फैसलों में देरी हो रही थी। अब स्थायी एमडी की नियुक्ति के बाद बिजली आपूर्ति में सुधार, पारेषण हानियों (लाइन लॉस) को कम करने, जल विद्युत परियोजनाओं को समय पर पूरा करने और उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित निस्तारण को नई गति मिलने की उम्मीद है। दोनों ही नए कप्तानों के सामने प्रदेश की ऊर्जा व्यवस्था को आत्मनिर्भर और घाटे से उबारने की बड़ी चुनौती होगी।

 


 


संबंधित आलेख: