फायरिंग से दहशतः रुद्रपुर के रायपुर में जमीनी विवाद को लेकर आमने-सामने आए दो पक्ष! मारपीट में कई लोग घायल, पुलिस प्रशासन में मचा हड़कंप
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर से एक बड़ी खबर सामने आ रही है यहां रुद्रपुर के रायपुर में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते मामला इतना बड़ गया कि लाठी-डण्डे चलने के साथ ही मौके पर फायरिंग हो गयी। इस दौरान कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर फायरिंग की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।
बताया जाता है कि रायपुर गांव में कई साल पहले जगबीर सिंह के द्वारा अपनी जमीन राजेंद्र सिंह को बेची गई थी जिसमें कुछ जमीन कच्ची तो कुछ जमीन पक्की थी, रजिस्ट्री कराने के दौरान जो जमीन पक्की थी वह राजेंद्र सिंह के नाम दर्ज हो गई लेकिन कच्ची जमीन उनके नाम दर्ज नहीं हो सकी। इसके बाद से ही जगबीर सिंह और राजेंद्र सिंह के परिवारों के बीच कच्ची जमीन को जोतने को लेकर विवाद चल रहा था, जिसमें पुलिस पूर्व में भी कार्रवाई कर चुकी है। आज जगबीर सिंह के परिवार के लोग जब कच्ची जमीन को जोतने और झोपड़ी बनाने के लिए जमीन पर पहुंचे तो राजेंद्र सिंह के लोगों ने उनका विरोध किया। जिसके बाद मौके पर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि मौके पर कई राउंड फायरिंग भी हुई। इस दौरान कई लोग घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया है। उधर पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है और कई लोगों से पूछताछ की जा रही है।