खड़ी कार बनी आग का गोला, वाहन स्वामी ने पुरानी रंजिश में आग लगाने का लगाया आरोप
ऊधम सिंह नगर जिले के किच्छा में उस समय हड़कंप मच गया, जब घर के बाहर खड़ी एक कार अचानक धू-धू कर जल उठी। देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई और कुछ ही देर में पूरी तरह जलकर राख हो गई। कार मालिक ने इस घटना को हादसा मानने से इनकार करते हुए पुरानी रंजिश के चलते आग लगाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
किच्छा स्थित पुलभट्टा थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 18 में एक कार में अचानक आग लगने की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि कार घर के बाहर खड़ी थी, तभी संदिग्ध परिस्थितियों में उसमें आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कुछ ही मिनटों में पूरी कार धू-धू कर जलने लगी। घटना के समय आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश भी की, लेकिन आग इतनी तेज थी कि जब तक दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंचती तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई थी। घटना का वीडियो भी किसी स्थानीय व्यक्ति ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कार आग की लपटों में घिरी हुई है और आसपास लोग आग बुझाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। कार के मालिक आरिफ ने इस घटना को महज हादसा मानने से साफ इनकार किया है। उन्होंने पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते उनकी कार में जानबूझकर आग लगाई है। आरिफ का कहना है कि पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों के साथ उनका पहले से विवाद चल रहा है और उसी रंजिश के चलते उनकी कार को निशाना बनाया गया है। पीड़ित आरिफ ने कहा कि यह सिर्फ एक हादसा नहीं बल्कि उन्हें आर्थिक और मानसिक रूप से नुकसान पहुंचाने की सोची-समझी साजिश है। उन्होंने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलभट्टा थाना प्रभारी सुरेंद्र मिश्रा ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कार में आग लगना हादसा था या किसी की साजिश का हिस्सा। इलाके में इस घटना को लेकर लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं।