पिथौरागढ़ः रात को हंगामा कर रहे थे पिता-पुत्र! सूचना पर पहुंची बेरीनाग थाना पुलिस, तीन लोग गिरफ्तार
पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ पुलिस ने रात्रि के समय उत्पात मचाकर हंगामा करने वाले तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। बेरीनाग थाने की डायल 112 टीम ने यह कार्रवाई की है। बता दें कि पुलिस अधीक्षक रेखा यादव द्वारा समय-समय पर शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही के निर्देश दिए जाते हैं। ऐसे में पुलिस प्रशासन द्वारा लोगों की शिकायत पर तत्काल एक्शन लेते हुए हुड़दंगियों को सबक सिखाया जा रहा है। इसी क्रम में विगत रात्रि ग्राम जातड़ी, पो. बनकोट निवासी एक व्यक्ति द्वारा डायल-112 पर कॉल कर सूचना दी गई कि उसके पड़ोस में एक व्यक्ति अपने दो पुत्रों के साथ आपस में गाली-गलौज व मारपीट कर उत्पात मचा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों की नींद हराम हो गई है। सूचना पर थाना प्रभारी बेरीनाग हरीश सिंह के नेतृत्व में डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और उत्पात मचाने वाले तीन लोगों प्रकाश राम, अंकित टम्टा, नीरज टम्टा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम में अपर उ.नि. रविन्द्र सिंह पांगती, शान्ति प्रकाश, कां. नीरज बिष्ट, नरेन्द्र डांगी मौजूद रहे।