बिहार पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी! विपक्ष पर बोला- बड़ा हमला, बोले- जंगलराज वालों ने बिहार की क्या हालत बना दी थी...

पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शुक्रवार को बिहार दौरे पर सीवान पहुंचे। इस दौरान पीएम मोदी ने दस हजार करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी सहित बिहार कैबिनेट के तमाम मंत्री और नेता इस मौके पर मौजूद रहे। पिछले तीन हफ्तों में मोदी दूसरी बार बिहार पहुंचे हैं। बिहार में इस साल अक्टूबर-नवंबर में विधानसभा के चुनाव होने हैं। विधानसभा चुनाव में विपक्षी महागठबंधन में आरजेडी, कांग्रेस, वाम दल और विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) शामिल हैं जबकि सरकार चला रहे एनडीए में जेडीयू, बीजेपी, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा शामिल हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि सीवान की ये धरती हमारे स्वतंत्रता संग्राम की प्रेरक स्थली है। ये हमारे लोकतंत्र को, देश को, संविधान को ताकत देने वाली भूमि है। आज इस मंच से हजारों, करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है। विकास की ये सारी परियोजनाएं बिहार को उज्ज्वल भविष्य की तरफ ले जाएगी, समृद्ध बिहार बनाएंगी। पीएम मोदी ने कहा कि आप सब जानते हैं कि मैं कल ही विदेश से लौटा हूं। इस दौरे में मेरी दुनिया के बड़े-बड़े समृद्ध देशों के नेताओं से बात हुई। सारे नेता, भारत की तेज प्रगति से बहुत प्रभावित हैं। वे भारत को दुनिया की तीसरी बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनते देख रहे हैं और इसमें बिहार की निश्चित तौर पर बहुत बड़ी भूमिका होने वाली है। बिहार समृद्ध होगा और देश की समृद्धि में भी बड़ी भूमिका निभाएगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि आपने मिलकर बिहार से जंगलराज का सफाया किया है। यहां के हमारे नौजवानों ने तो 20 साल पहले के बिहार की बदहाली सिर्फ किस्सों और कथाओं में ही सुनी है। उन्हें अंदाजा ही नहीं है कि जंगलराज वालों ने बिहार की क्या हालत बना दी थी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मेरे बिहारी भाई-बहन कठिन से कठिन परिस्थिति में काम करके दिखा देते हैं। वो कभी अपने स्वाभिमान से समझौता नहीं करते लेकिन, पंजे और लालटेन वालों ने मिलकर बिहार के स्वाभिमान को बहुत ठेस पहुंचाई है।’