14 अप्रैल को पीएम मोदी करेंगे दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का शिलान्यास, 'बाबा साहेब' के नाम पर नामकरण की उठी मांग
देहरादून। बहुप्रतीक्षित दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे अब आम जनता के लिए खुलने वाला है। आगामी 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस महत्वाकांक्षी परियोजना का लोकार्पण करने जा रहे हैं। इसके बाद दिल्ली से देहरादून का सफर मात्र 2.5 से 3 घंटे में पूरा हो सकेगा। वर्तमान में यह यात्रा 5-6 घंटे लेती है। एक्सप्रेसवे के उद्घाटन से पहले इसके नाम को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। नगीना से सांसद और आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्र शेखर आजाद ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर एक्सप्रेसवे का नाम ‘बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर एक्सप्रेसवे’ रखने का अनुरोध किया है।
सांसद चंद्र शेखर आजाद ने सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा कि यह अत्यंत हर्ष का विषय है कि लंबे इंतजार के बाद एक्सप्रेसवे लोकार्पित होने जा रहा है। उन्होंने आगे लिखा, “इस एक्सप्रेसवे का नाम भारतीय संविधान के निर्माता, आधुनिक भारत के शिल्पकार, शोषितों-वंचितों एवं महिलाओं के मुक्तिदाता, ज्ञान के प्रतीक बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम पर रखा जाए। इससे यह परियोजना न केवल विकास का प्रतीक बनेगी बल्कि उनके महान योगदान के प्रति एक श्रद्धांजलि भी होगी। यह फैसला देश के करोड़ों लोगों, खासकर बहुजन समाज के लिए गर्व और सम्मान का विषय होगा। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे एक ग्रीनफील्ड हाईवे प्रोजेक्ट है, जिसे दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर भी कहा जाता है। यह 213 किलोमीटर लंबा 6-लेन एक्सप्रेसवे है। इसकी कुल लागत लगभग 12 हजार करोड़ रुपये है। इसकी सबसे बड़ी खासियत राजाजी नेशनल पार्क के ऊपर बनाया गया 12 किलोमीटर लंबा एशिया का सबसे बड़ा वाइल्डलाइफ एलिवेटेड कॉरिडोर है। इससे वन्यजीवों के विचरण में कोई बाधा नहीं आएगी। एक्सप्रेसवे के नीचे बनाए गए गलियारों से जानवर आसानी से जंगल के दोनों तरफ आ-जा सकेंगे। एक्सप्रेसवे का रूट दिल्ली के अक्षरधाम से शुरू होकर गाजियाबाद-बागपत-शामली-सहारनपुर-मोहंड होते हुए देहरादून तक जाएगा। अभी तक एक्सप्रेसवे का कोई आधिकारिक नाम तय नहीं हुआ है, लेकिन सांसद चंद्र शेखर आजाद के सुझाव के बाद नामकरण को लेकर चर्चा तेज हो गई है। 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री के लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान इस पर अंतिम फैसला हो सकता है।